कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित देश अमेरिका से अब बड़ी खबर सामने आई है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी अब इसकी चपेट में आ गए हैं. शुक्रवार सुबह डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर जानकारी दी कि वह और उनकी पत्नी मेलानिया कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए हैं. टेस्ट रिजल्ट आने के बाद दोनों को ही क्वारनटीन कर दिया गया है.
आपको बता दें कि व्हाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप की निजी सलाहकार होप हिक्स भी शुक्रवार को ही कोरोना की चपेट में आई थीं. इसी के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर लिखा था कि होप हिक्स के कोरोना की चपेट में आने के बाद अब मैंने और मेलानिया ने भी टेस्ट करवाया है.
अब अगले 14 दिनों तक डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया को क्वारनटीन ही रहना होगा, अगले एक हफ्ते के बाद उनका फिर से कोरोना टेस्ट किया जाएगा. अमेरिकी राष्ट्रपति के कोरोना की चपेट में आने की खबर तब आई है, जब सिर्फ एक महीने बाद ही वोटिंग होनी है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ट्रंप के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
