केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को प्रदेश की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। उपचुनाव के लिए अधिसूचना 9 अक्तूबर को जारी होगी और मतदान तीन नवंबर को होगा। मतगणना 10 अक्तूबर को की जाएगी। उसी दिन परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

बता दें कि आठ सीटों पर उपचुनाव होने थे लेकिन रामपुर की स्वार सीट पर उपचुनाव की घोषणा नहीं की गई है। निर्वाचन आयोग ने जिन सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की है उनमें अमरोहा की नौगांवा सादात, बुलंदशहर, आगरा की टूंडला सीट, उन्नाव की बांगरमऊ, कानपुर की घाटमपुर, देवरिया और जौनपुर की मल्हनी सीट शामिल है।
रामपुर की स्वार सीट सपा नेता आजम खान के बेटे अब्दुल्लाह आजम की सदस्यता खत्म होने के बाद से रिक्त है। उन्होंने 2017 में फर्जी जन्मतिथि के आधार पर चुनाव लड़ा था। चुनाव के वक्त उनकी उम्र 25 वर्ष नहीं थी।विधानसभा सचिवालय ने भ्रष्ट आचरण के चलते उन्हें 6 साल के लिए चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित कर दिया है।
उत्तर प्रदेश की जिन सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं उनमें मल्हनी को छोड़कर शेष छह सीटें भाजपा के कब्जे में थीं। मल्हनी से सपा के वरिष्ठ नेता पारसनाथ यादव विधायक थे उनके निधन के बाद इस सीट पर चुनाव हो रहा है।

वहीं, नौगांवा सादात में पूर्व मंत्री चेतन चौहान और घाटमपुर में पूर्व मंत्री कमल रानी वरुण के निधन के कारण उपचुनाव हो रहा है। बुलंदशहर सीट से वीरेंद्र सिरोही और देवरिया से विधायक रहे जन्मेजय सिंह की भी मृत्यु हो चुकी है।

टूंडला सुरक्षित सीट डॉक्टर एसपी सिंह बघेल के सांसद चुने जाने के बाद से रिक्त थी। उन्नाव की बांगरमऊ सीट से भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर विधायक थे। उन्हें उम्र कैद हो जाने के बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com