काशीपुर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और सहयोग से काशीपुर स्थित गिरीताल का कायाकल्प होने जा रहा है। लगभग 31 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से विकसित होने वाला गिरीताल भविष्य में एक अत्याधुनिक और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में नजर आएगा। परियोजना की ड्राइंग और प्रेजेंटेशन देखने के बाद नगरवासियों और विशेषज्ञों ने इसे काशीपुर के लिए ऐतिहासिक पहल बताया।
महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में तैयार इस परियोजना को आठ जोनों में विकसित किया जाएगा। गिरीताल में पार्किंग व्यवस्था, वॉटर फाउंटेन, जॉगिंग ट्रैक, साइकिलिंग ट्रैक, थिएटर झील, जंगल ट्रैक, लाइब्रेरी, इको-टूरिज्म सुविधा, जिम एवं योग केंद्र, बच्चों के खेलने का क्षेत्र, रेस्टोरेंट, प्राइवेट विलाज और सखीहाट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना में गिरीताल की पौराणिकता और मंदिरों की आभा को भी संरक्षित रखा जाएगा, जिससे यहां आने वाले लोगों को एक अलग ही अनुभव मिलेगा।
प्रेजेंटेशन के दौरान शहरवासियों ने चर्चा करते हुए कहा कि महापौर दीपक बाली वास्तव में काशीपुर के विकास को नई दिशा दे रहे हैं। इस अवसर पर महापौर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि काशीपुर के विकास के लिए उन्हें लगातार सहयोग और मार्गदर्शन मिल रहा है। उन्होंने शहरवासियों से भी विकास कार्यों में सहयोग की अपील की।
महापौर ने हिंदी प्रेम सभा से गिरीताल के सौंदर्यीकरण में सहयोग करने का अनुरोध किया और कहा कि संस्था द्वारा संरक्षित क्षेत्र को भी परियोजना में शामिल किया जाएगा तथा हिंदी प्रेम सभा का नाम सम्मानपूर्वक अंकित किया जाएगा।
इसके अलावा, शहर में पांच वेंडिंग जोन विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें सीतापुर अस्पताल के पास, गिरीताल रोड, हीरो होंडा शोरूम के समीप, दुर्गा कॉलोनी क्षेत्र आदि शामिल हैं। इन वेंडिंग जोनों में लगभग 250 दुकानें होंगी, जिन पर करीब 7.14 करोड़ रुपये की लागत आएगी। महापौर ने बताया कि इन जोनों का उद्देश्य ठेले-फड़ वालों को उत्पीड़न से बचाना और उनके रोजगार व सम्मान की रक्षा करना है। भविष्य में पांच और वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि काशीपुर में शहर से लगभग एक किलोमीटर बाहर 10 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक डॉग शेल्टर हाउस बनाया जा रहा है, जो देश के बेहतरीन शेल्टर हाउसों में से एक होगा। साथ ही उन्होंने बताया कि पांडिचेरी के बाद काशीपुर देश का दूसरा ऐसा शहर बन गया है, जहां रात तीन बजे तक सफाई व्यवस्था जारी रहती है।
इस कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा नेता राम मेहरोत्रा, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, आर्किटेक्ट, इंजीनियर और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे। सभी ने प्रेजेंटेशन की सराहना करते हुए इसे काशीपुर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
