राजधानी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में महज 20 रुपये के विवाद में 13 साल के बेटे के सामने उसके पिता की पीट-पीट कर बेरहमी से हत्या कर दी गई. मारपीट में बुरी तरह से घायल शख्स को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन वहां उसकी मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक 38 साल के रुपेश संत नगर इलाके में पत्नी हेमलता और चार बच्चों के साथ रहते थे. रुपेश रात को घर के पास स्थित संतोष और सरोज नाम के भाइयों के सैलून में दाढ़ी बाल बनवाने गए. हजामत होने के बाद संतोष ने 50 रुपये मांगे तो रुपेश ने सिर्फ 30 रुपये दिए और बाकी पैसे बाद में देने की बात कही. लेकिन इसके बाद महज 20 रुपये को लेकर बात इतनी बढ़ गई कि संतोष और सरोज ने दुकान में रखी प्लास्टिक की पाइप से रुपेश की पिटाई करनी शुरू कर दी.
मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें दिख रहा है कि किस कदर एक बच्चा अपने पिता को बचाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन आरोपी उसकी पाइप से लगातार पिटाई कर रहे हैं. वीडियो में दिख रहा है कि इस दौरान कई लोग वहां खड़े हैं, लेकिन किसी ने भी बचाने की कोशिश तक नहीं की.
हंगामे के बीच टहलते हुए रुपेश का बड़ा बेटा 13 साल का रोहित भी वहां पहुंच गया. उसने अपने पिता को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाने की कोशिश की. पिता की जान बचाने के लिए बेटा दोनों हमलावरों से गुहार लगाता रहा, लेकिन दोनों रुपेश की पिटाई करते रहे.
हमले से बुरी तरह से घायल रुपेश को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. रुपेश की मौत के बाद से ही पूरा परिवार सदमे में है. बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है.
दिल्लीः खाने में देरी पर चाकू से हमला
दिल्ली में हत्या करने के इरादे से आए लड़कों को पेट्रोलिंग करती पुलिस ने दबोच लिया. एक युवक पर चाकूबाजी की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है. घटना रात 11:30 बजे आनंद पर्वत की नई बस्ती की है. पूरे घटनाक्रम को सीसीटीवी कैमरे ने कैद किया, जिसमें पुलिसकर्मियों ने बहादुरी से चाकू मार रहे हमलावर को पकड़ा.
बताया जा रहा है कि ढाबे पर खाना देरी से देने को लेकर हुई मामूली कहासुनी के बाद दो ग्रुप के बीच झगड़ा हो गया और एक युवक पर चाकू और डंडों से हमला कर दिया गया.
तभी पेट्रोलिंग पर निकले हेड कांस्टेबल दामोदर ओर कांस्टेबल विजय वहां पहुंच गए और उन्होंने बड़ी बहादुरी से हथियारों से लैस हमलावरों से ना सिर्फ एक युवक की जान बचाई बल्कि आरोपी को हिरासत में लेते हुए दो लोगो को गिरफ्तार कर लिया.

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
