पेपर लीक मामले में मुख्यमंत्री की संस्तुति के बाद यह मामला सीबीआई को सौंपा गया था। कुछ दिनों पहले ही इस प्रकरण में एफआईआर दर्ज की गई थी। अब उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय परीक्षा से जुड़े पेपर लीक केस में सीबीआई ने पहली गिरफ्तारी कर ली है। जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी खालिद के लिए पेपर हल करने वाली आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि 21 सितंबर को UKSSSC की ओर से स्नातक स्तरीय परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान हरिद्वार के एक सेंटर से पेपर लीक होने की जानकारी सामने आई थी। इस खुलासे के बाद युवाओं ने परीक्षा की शुचिता पर सवाल उठाते हुए 21 सितंबर की रात से परेड ग्राउंड के पास धरना शुरू कर दिया। कई दौर की बातचीत के बाद भी समाधान नहीं निकल पाया। इसी बीच पुलिस ने भी मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी और दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। साथ ही एकल जांच आयोग का गठन भी किया गया था। फिर भी युवा सीबीआई जांच और परीक्षा रद्द करने की मांग पर अड़े रहे। 29 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं धरनास्थल पहुंचे और वहीं से सीबीआई जांच की संस्तुति कर दी। इसके बाद से ही इस मामले की जांच सीबीआई द्वारा की जा रही थी।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
