सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक इस बार एक विशेष भावनात्मक क्षण की साक्षी बनी। बैठक की शुरुआत राज्य आंदोलन के प्रखर सेनानी, वरिष्ठ आंदोलनकारी एवं प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट को श्रद्धांजलि अर्पित करके की गई। कैबिनेट के सभी सदस्यों ने खड़े होकर दो मिनट का मौन रखा और उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी सहित सभी मंत्रियों ने दिवाकर भट्ट के जीवन, संघर्ष और राज्य निर्माण से जुड़े उनके अमूल्य योगदान को विस्तार से याद किया। दिवाकर भट्ट उत्तराखंड राज्य आंदोलन के उन अग्रणी नेताओं में रहे, जिन्होंने एक अलग राज्य की मांग को विशाल जनांदोलन का रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में न केवल जनहित से जुड़े मुद्दों को आवाज दी, बल्कि कैबिनेट मंत्री के रूप में प्रदेश के विकास के कई महत्वपूर्ण निर्णयों में सहभागिता निभाई। कैबिनेट ने कहा कि दिवाकर भट्ट का जाना राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है। उनकी सादगी, संघर्षशीलता, जनसेवा की भावना और उत्तराखंड के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। बैठक में मौजूद सदस्यों ने यह भी कहा कि दिवाकर भट्ट ने जिस निष्ठा और दृढ़ता के साथ राज्य निर्माण की लड़ाई को आगे बढ़ाया, वह हमेशा स्मरणीय रहेगा। उनके योगदान की वजह से ही आज उत्तराखंड एक अलग राज्य के रूप में अपनी विकास यात्रा तय कर रहा है। कैबिनेट ने दिवाकर भट्ट के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों और मंत्रियों ने माना कि राज्य ने एक ऐसा नेता खो दिया है, जिसने जीवन भर केवल जनता के हित और राज्यहित को सर्वोपरि रखा।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
