उत्तराखंड अपना रजत जयंती वर्ष मना रहा है।राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री एक स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे और जनसमूह को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री 8140 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास सहित कई प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ीं हैं। 

आसपास के शहरों से भी बुलाए गए पुलिस अधिकारी

कार्यक्रम स्थल और वीवीआईपी रूट के आसपास के रास्तों पर ऊंची इमारतों से लेकर पानी की टंकियों तक हथियारबंद जवान तैनात हैं। सुरक्षा इंतजामों के मद्देनजर शहर में अतिरिक्त बलों के अलावा सीआईडी व प्रशिक्षण केंद्रों के जवान भी तैनात किए गए हैं। टिहरी, ऋषिकेश समेत आसपास के शहरों से भी पुलिस अधिकारी पहले से देहरादून में जमा हैं, जो अलग-अलग जगहों पर सुरक्षा इंतजामों का प्रभार देख रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर किसी तरह का बैग, झोला, पानी की बोतल, ज्वलनशील पदार्थ, शॉल, लाइटर आदि सामान ले जाने पर प्रतिबंध है। 

पीएम मोदी के लिए अभेद्य सुरक्षा घेरा, तीन हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

पीएम नरेंद्र मोदी के लिए सुरक्षा घेरा अभेद्य है। इसके लिए तीन हजार पुलिस कर्मी तैनात हैं। कार्यक्रम स्थल तक जाने वालों को डोर फ्रेम मैटल डिटेक्टर की जांच के बाद आगे भेजा जाएगा। साथ ही स्मार्ट सर्विलांस कैमरों के जरिये उनकी पहचान भी सुनिश्चित की जाएगी। इस कैमरे से उस शख्स के चेहरे का मिलान आपराधिक रिकॉर्ड के डेटाबेस से होता है। राज्य पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ ने पीएम के कार्यक्रम के मद्देनजर त्रुटिरहित सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को पुलिस लाइन देहरादून में पुलिस अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक और ब्रीफिंग की। निर्देश दिया कि कार्यक्रम के दौरान पीएम से मिलने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाए। सिर्फ उन्हीं व्यक्तियों को मिलने की इजाजत होगी, जिन्हें पूर्व में अनुमोदित किया गया है। डीजीपी ने अधिकारियों को वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य में अत्यंत सजग, सतर्क और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने का निर्देश दिया है।

सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य स्थापना पर बधाई दी

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तराखंडवासियों को राज्य स्थापना दिवस पर अपने संदेश में सभी को बधाई देते हुए उनके सुख-समृद्धि की कामना की है। पार्टी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने उनका बयान जारी किया है। इसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तराखंडवासियों के हितों तथा विकास के लिए प्रतिबद्ध है और वह उनके सुख-दुख में हमेशा साथ है। उन्होंने कहा कि नौ नवंबर- 2025 को उत्तराखंड राज्य 25 वर्ष का हो गए हैं। पर 25 वर्षों में उत्तराखंड की जनता को आकांक्षाओं के अनुरूप अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। 

करीब ढाई घंटे दून में रहेंगे पीएम मोदी

आज नौ नवंबर को राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 11 बजे देहरादून पहुंच जाएंगे। वह करीब ढाई घंटे दून में रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के बीच यहां एक लाख लोगों के जुटने की उम्मीद जताई जा रही है। पीएम के लिए यहां राज्य के विकास की झलक दिखाने वाली गैलरी और कई अन्य सजावट की गई हैं। 

प्रधानमंत्री के स्वागत को तैयार दून

उत्तराखंड रजत जयंती उत्सव पर शामिल होने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत को दून तैयार है। एफआरआई में मुख्य आयोजन होगा तो पुलिस ने इसके आसपास जीरो जोन भी घोषित किया है। इसके अलावा शहर में रूट डायवर्ट किया गया है। वहीं, रजत जयंती उत्सव और पीएम के आगमन को जगह-जगह होर्डिंग लगाकर सजाया गया है।

सीएम धामी ने जताया पीएम मोदी का आभार

सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री की ओर से दिए गए शुभकामना संदेश पर सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर आपकी स्नेहपूर्ण शुभकामनाओं एवं आशीर्वाद के लिए समस्त प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार। आपके दूरदर्शी नेतृत्व और सतत मार्गदर्शन में उत्तराखंड अपनी विकास यात्रा में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित कर रहा है। आपकी प्रेरणा से उत्तराखंड ने अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल होकर सुशासन, जनकल्याण और सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। आपका सान्निध्य हमें सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रेरित करता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंडवासियों को दी बधाई

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि- उत्तराखंड की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर राज्य के मेरे सभी भाई-बहनों को अनेकानेक शुभकामनाएं। प्रकृति की गोद में बसी हमारी यह देवभूमि आज पर्यटन के साथ-साथ हर क्षेत्र में प्रगति की नई रफ्तार भर रही है। प्रदेश के इस विशेष अवसर पर मैं यहां के विनम्र, कर्मठ और देवतुल्य लोगों की सुख-समृद्धि, सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।

दो प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री जल-क्षेत्र से जुड़ी दो प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें से देहरादून की सौंग बांध पेयजल परियोजना से शहर को 150 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) पेयजल उपलब्ध कराएगी और नैनीताल में जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना, जो पेयजल उपलब्ध कराएगी और सिंचाई तथा बिजली उत्पादन में सहायक होगी। जिन अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा, उनमें विद्युत सबस्टेशन, चंपावत में महिला खेल महाविद्यालय की स्थापना, नैनीताल में अत्याधुनिक डेयरी संयंत्र आदि शामिल हैं।

रजत जयंती पर आज उत्तराखंड पहुंच रहे पीएम मोदी, ढाई घंटे रुकेंगे, देंगे कई सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तराखंड को राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह में 8260 करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे। वह 28,000 किसानों के खाते में फसल बीमा योजना की 62 करोड़ रुपये की रकम भी जारी करेंगे। पीएम मोदी रविवार को सुबह करीब 11:30 बजे वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) पहुंचेंगे। 11:45 बजे वह उत्तराखंड के विकास से जुड़ीं विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। 12:05 बजे विभिन्न हितधारकों से संवाद करेंगे। इसके बाद 12:30 बजे से रजत जयंती समारोह में शिरकत करेंगे।

प्रधानमंत्री एक स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे और जनसमूह को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री 8140 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास सहित कई प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ीं हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री मोदी 28,000 से अधिक किसानों के लिए सीधे उनके बैंक खातों में 62 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी जारी करेंगे। प्रधानमंत्री जिन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उनमें अमृत योजना के अंतर्गत 23 क्षेत्रों के लिए देहरादून जलापूर्ति कवरेज, पिथौरागढ़ जिले में विद्युत सबस्टेशन, सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्र, नैनीताल के हल्द्वानी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान आदि शामिल हैं।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *