श्रीनगर (गढ़वाल)। दिवाली से पहले उत्तराखंड सरकार ने शिक्षकों को बड़ा तोहफा दिया है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 679 सहायक अध्यापकों (एलटी) को शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए। गुरुवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के सभागार में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित हुआ। मंत्री ने कहा कि सभी अभ्यर्थियों को दुर्गम क्षेत्रों में तैनाती दी जा रही है, क्योंकि पहाड़ी इलाकों के बच्चे पूरी तरह से सरकारी स्कूलों और शिक्षकों पर निर्भर हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अभ्यर्थी भैयादूज और दिवाली से पहले अपनी ज्वाइनिंग पूरी करें। उन्होंने बताया कि जो अभ्यर्थी मेडिकल कारणों से तैनाती स्थल पर नहीं पहुंच सकते, वे मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय में भी ज्वाइनिंग दे सकते हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि अतिथि शिक्षकों का पूरा ध्यान रखा जाएगा, किसी को बाहर नहीं किया जाएगा। स्थाई नियुक्तियों से प्रभावित अतिथि शिक्षकों को 15 दिनों के भीतर अन्य विद्यालयों में समायोजित किया जाएगा। डॉ. रावत ने बताया कि अब तक प्रदेश में 26,500 से अधिक युवाओं को रोजगार दिया जा चुका है, जिनमें से 19,000 नियुक्तियां शिक्षा विभाग में हुई हैं। आगामी 90 दिनों में 2,100 प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। नियुक्त शिक्षकों को दिवाली के बाद डाइट में दो से तीन दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी दौरान मंत्री ने राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीकोट में बालिका छात्रावास का शिलान्यास किया, जिसकी लागत करीब ₹7 करोड़ 1 लाख 65 हजार रुपये है। साथ ही उन्होंने राजकीय उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर में जनऔषधि केंद्र का लोकार्पण किया और अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि हर मरीज को जनऔषधि योजना का पूरा लाभ मिलना चाहिए।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
