पौड़ी गढ़वाल। जिले के अशासकीय सहायता प्राप्त स्कूलों में नियुक्ति और वित्तीय अनियमितताओं के मामले की अब सीबीसीआईडी जांच होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस संबंध में गृह सचिव को जांच के निर्देश जारी किए हैं। पौड़ी जनपद के पयासू गांव निवासी राजेश सिंह ने मुख्यमंत्री से शिकायत कर जिले के अशासकीय स्कूलों में व्याप्त भ्रष्टाचार की जांच सीबीसीआईडी से कराने की मांग की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि स्कूलों में फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर नियुक्तियां की गईं और करोड़ों रुपये का घोटाला किया गया। राजेश सिंह ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि पूर्व स्कूल प्रबंधक ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से नियमों को दरकिनार कर भ्रष्टाचार किया। इस मामले में शासन के एक उप सचिव की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।पत्र में उल्लेख है कि पूर्व में तत्कालीन शिक्षा निदेशक सीमा जौनसारी, महावीर सिंह बिष्ट और वरिष्ठ अधिकारी विरेंद्र सिंह रावत ने इस प्रकरण की जांच की थी। जांच में इंटर कॉलेज जखेटी के पूर्व प्रबंधक के खिलाफ आरोप सत्य पाए गए थे, लेकिन शासन स्तर पर अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट को दबा दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इंटर कॉलेज जखेटी और इंटर कॉलेज डांगीधार में लिपिक पद पर गलत नियुक्ति और वित्तीय अनियमितता, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटागढ़ में फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर शिक्षिका की नियुक्ति तथा इंटर कॉलेज गढ़कोट माण्डलू में गलत नियुक्ति की गई। अब इन सभी मामलों की सीबीसीआईडी जांच कराई जाएगी।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
