पिथौरागढ़ में 70 वर्षीय बुजुर्ग व्यापारी फैयाज खान से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बताया कि व्यापारी को लूटने वाला आरोपी एक शातिर गैंगस्टर है, जो पहले भी मोबाइल लूट और स्मैक तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है।

घटना बीते शुक्रवार की है, जब तिलढुकरी निवासी फैयाज खान (70) अपनी सब्जी की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और उनकी जेब से 21 हजार रुपये लूट लिए। घटना में बुजुर्ग घायल हो गए और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान लिन्ठूड़ा निवासी सागर सोराड़ी (28) के रूप में की। आरोपी को ऐंचोली चौकी प्रभारी कमलेश जोशी की टीम ने तीसरे दिन गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले दुकान के पास रहकर बुजुर्ग व्यापारी की रेकी की और मौका मिलते ही लूट की वारदात को अंजाम दिया।

एसपी रेखा यादव ने बताया कि आरोपी के पास से लूट के 17,130 रुपये बरामद किए गए हैं। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है क्योंकि वह पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है और जिले से फरार होने की कोशिश में था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि लूट के दिन करवाचौथ का पर्व था। आरोपी ने लूटी गई रकम से अपनी पत्नी के लिए तीन हजार रुपये की साड़ी खरीदी थी और उसे उपहार में दी। पुलिस ने साड़ी को भी सबूत के रूप में बरामद कर लिया है।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *