पुरोला में आधी रात को भूकंप के हल्के झटके, घबराहट के बाद स्थिति सामान्य-उत्तरकाशी जिले के पुरोला क्षेत्र में शनिवार देर रात भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ समय के लिए लोगों में घबराहट का माहौल बन गया। हालांकि किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, भूकंप शनिवार रात 1:42 बजे आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.1 मापी गई। भूकंप का केंद्र गुंदियाट गांव और डोखरीयानी के मध्य स्थित स्यालुका क्षेत्र में था, जिसकी गहराई सतह से करीब 5 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई। भूकंप के झटके महसूस होते ही स्थानीय लोग सतर्क हो गए और कई जगहों पर लोग घरों से बाहर भी निकल आए। हालांकि झटकों की तीव्रता बेहद हल्की थी, जिससे कोई नुकसान नहीं हुआ। एसडीएम मुकेश रमोला ने बताया कि भूकंप की जानकारी मिलते ही तहसील प्रशासन और पुलिस को अलर्ट कर दिया गया था। ग्रामीण क्षेत्रों से तत्काल संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली गई, जो पूरी तरह सामान्य पाई गई। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने भी बताया कि क्षेत्र में कहीं से किसी प्रकार की हानि की सूचना नहीं मिली है और हालात सामान्य हैं।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
