देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। एसएसपी अजय सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि अब तक की जांच में तीन लोगों की भूमिका सामने आई है। इनमें एक अभ्यर्थी खालिद मलिक, उसकी बहन हीना और एक सहायक प्रोफेसर सुमन शामिल हैं। फिलहाल दोनों महिलाओं से पूछताछ जारी है। रायपुर थाने में उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम) अध्यादेश 2023 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।एसएसपी ने बताया कि परीक्षा का सिर्फ एक सेट का पेपर हरिद्वार के एक सेंटर से बाहर आया था और वह भी केवल एक अभ्यर्थी के लिए। इस वजह से इसमें किसी बड़े गिरोह की संलिप्तता नहीं लग रही और परीक्षा की शुचिता पर भी सवाल नहीं उठते। पेपर बाहर आने का उद्देश्य खालिद को सवालों के जवाब पहुँचाना था।जांच में सामने आया है कि सेंटर से पेपर के स्क्रीनशॉट खालिद की बहन हीना तक पहुँचे। हीना ने यह स्क्रीनशॉट सहायक प्रोफेसर सुमन को भेजकर उनसे जवाब मांगे। सुमन ने जवाब भेज भी दिए, लेकिन बाद में शक होने पर पुलिस के पास जाने की कोशिश की। इससे पहले उन्होंने बॉबी पंवार से संपर्क किया। आरोप है कि बॉबी ने उन्हें पुलिस के पास जाने से रोका और मामले को पेपर लीक का मुद्दा बनाकर प्रचारित किया। एसएसपी ने दावा किया कि इस कांड की तीन प्रमुख कड़ियाँ सामने आ चुकी हैं। अब यह जांचना बाकी है कि प्रोफेसर सुमन इस साजिश की शिकार हुईं या जानबूझकर इसमें शामिल थीं। खालिद से पूछताछ के बाद स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
