रुद्रपुर, 04 सितम्बर 2025 (सू.वि.)।
मा. क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में रुद्रपुर, काशीपुर और सितारगंज नगर निकायों के लिए 636.14 करोड़ की लागत से पेयजल आपूर्ति योजनाओं को स्वीकृति दी गई। इन योजनाओं से लगभग 3 लाख 33 हजार 586 की आबादी को लाभ मिलेगा।

बैठक में जानकारी दी गई कि यूयूएसडीए (उत्तराखण्ड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी) शहरी विकास विभाग द्वारा बाह्य सहायतित योजनाओं के अंतर्गत रुद्रपुर, काशीपुर और सितारगंज के लिए अलग-अलग पेयजल परियोजनाओं को अनुमोदन दिया गया है।

🔹 रुद्रपुर पेयजल परियोजना – 293.41 करोड़ की लागत, 26 वार्ड कवर होंगे, 10 पेयजल टैंक, 23 नलकूप और 536 किमी पाइप लाइन बिछेगी। इससे 1,58,798 लोग लाभान्वित होंगे।
🔹 काशीपुर पेयजल परियोजना – 261.83 करोड़ की लागत, 32 वार्डों में 10 टैंक, 14 नलकूप और 457 किमी पाइप लाइन बिछेगी। इससे 1,32,143 आबादी को पेयजल मिलेगा।
🔹 सितारगंज पेयजल परियोजना – 80.90 करोड़ की लागत, 13 वार्डों में 4 टैंक, 5 नलकूप और 146.38 किमी पाइप लाइन डाली जाएगी। इससे 42,645 लोग लाभान्वित होंगे।

इसके अतिरिक्त किच्छा नगरीय क्षेत्र में एशियन डेवलपमेंट बैंक द्वारा 400 करोड़ की पेयजल योजना निर्माणाधीन है। इस योजना से 2100 परिवारों को पेयजल संयोजन मिलेगा और कार्य मार्च 2028 तक पूरा होने का लक्ष्य है।

सांसद अजय भट्ट ने बैठक में जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि—

पेयजल टैंक और नलकूप का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही पाइपलाइन डाली जाए।

पाइपलाइन डालने के साथ ही टूटी हुई सड़कों की मरम्मत कार्यदायी संस्था द्वारा तुरंत की जाए।

कार्य पूर्ण होने पर संबंधित नगर आयुक्त से प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से लिया जाए।

उन्होंने कहा कि शुद्ध और सुचारू पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही आगामी परियोजनाओं में नगर निकाय दिनेशपुर, सुल्तानपुर, लालपुर, केलाखेड़ा, गूलरभोजन, बाजपुर, गदरपुर, जसपुर और नगला आदि के लिए भी सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

काशीपुर महापौर दीपक बाली ने भी टेंडर शर्तों में यह सुनिश्चित करने की बात रखी कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क मरम्मत अनिवार्य रूप से की जाए और प्रमाण पत्र नगर निगम से लिया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, महापौर विकास शर्मा, विधायक तिलकराज बेहड़, चेयरमैन मनोज गुम्बर, समिति सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता उपस्थित रहे।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *