कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच देश में अनलॉक-4 चल रहा है. इसके मद्देनजर कई राज्यों में स्कूल खुलने लगे हैं. बिहार में भी 28 सितंबर से कक्षा 9 से ऊपर के स्कूल खुलेंगे. बिहार से पहले जम्मू और कश्मीर में सोमवार से कक्षा 9वीं से 12 वीं के स्कूल फिर से खुल गए, लेकिन छात्रों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी अभिभावकों के कंधे पर डाल दी गई. 

बता दें कि अनलॉक-4 की गाइडलाइन के तहत बिहार में 21 सितंबर से स्‍कूल खुलने थे. इससे पहले नौवीं से 12वीं तक के छात्रों को अभिभावकों से अनुमति लेकर शिक्षकों से मिलने जाना था. इसके तहत स्‍कूलों को पढ़ाई के लिए खोलने की अनुमति नहीं दी गई थी. 

इस बीच केंद्र सरकार ने गाइडलाइन जारी कर शिक्षण संस्‍थानों को खोलने का फैसला राज्‍यों पर छोड़ दिया था. इसी के तहत मंगलवार को शिक्षा विभाग की बैठक हुई जिसमें स्कूलों को 28 सितंबर से खोलने का आदेश दिया गया. 

केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सभी को तत्काल परिसर में वापस नहीं बुलाया जाएगा. फिलहाल 9वीं से 12वीं कक्षा के छात्रों को स्कूल जाने का विकल्प दिया गया है, वैसे उनके पास ऑफलाइन कक्षाओं में पढ़ने का भी ऑप्शन है. स्कूल केवल उन छात्रों के लिए खुलेंगे जिनके पास ऑनलाइन शिक्षा की पहुंच नहीं है या दूसरी प्रॉब्लम्स का सामना कर रहे हैं. 

गाइडलाइन में बताया गया है कि कक्षा में सिट‍िंग अरेंजमेंट भी बदला जाएगा. यहां छात्र एक दूसरे से छह फ‍िट की दूरी में बैठेंगे. इसलिए कुर्सी-मेज की दूरी 6 फीट होनी चाहिए. कक्षा में अन्य जरूरी गतिविधियों के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखना होगा. टीचिंग फैकल्टी को इस बात का ध्यान रखना होगा कि पढ़ाई-लिखाई के दौरान छात्र और अध्यापक मास्क पहने हुए हों. छात्रों को आपस में लैपटॉप, नोटबुक, स्टेशनरी शेयर करने की इजाजत नहीं होगी.

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com