काशीपुर। नगर निगम चुनाव में इस बार काशीपुर की जनता भाजपा के धार्मिक कार्ड को सिरे से नकारने का मूड बना चुकी है। कांग्रेस मेयर प्रत्याशी संदीप सहगल ने कहा कि अब धर्म के नाम पर जनता को गुमराह करने की राजनीति नहीं चलेगी। काशीपुर की जनता बदलाव और विकास चाहती है। उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पार्टी ने कभी काशीपुर को जिला बनाने का सपना दिखाया तो कभी धार्मिक ध्रुवीकरण के जरिए जनता को छलने का काम किया। लेकिन अब जनता जाग चुकी है और इस बार विकास के मुद्दे पर वोट करेगी।
संदीप सहगल ने भरोसा जताया कि काशीपुर की जनता भाजपा को करारा जवाब देगी और शहर के विकास के लिए कांग्रेस को चुनते हुए उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे जितनी बड़ी रैलियां कर ले या नेताओं की फौज उतार दे, इस बार जनता उनकी असलियत को पहचान चुकी है।
परिवर्तन की लहर में कांग्रेस को अपार समर्थन
जैसे-जैसे चुनाव का प्रचार तेज हो रहा है, काशीपुर में कांग्रेस की पकड़ और मजबूत होती जा रही है। हर गली-मोहल्ले में “परिवर्तन की चली बयार, संदीप सहगल अबकी बार” का नारा गूंज रहा है। आवास विकास, कवि नगर, गौतम नगर समेत शहर के 40 वार्डों में कांग्रेस मेयर प्रत्याशी को जोरदार समर्थन मिल रहा है। नुक्कड़ सभाओं और डोर-टू-डोर संपर्क अभियानों के जरिए मतदाताओं तक पहुंचते हुए संदीप सहगल ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा ने काशीपुर में विकास किया होता, तो वह इतनी घबराई हुई नजर नहीं आती।
चुनाव प्रचार में बढ़ती कांग्रेस की रफ्तार
बुधवार रात संदीप सहगल ने प्रकाश रेजिडेंसी में एक बैठक का आयोजन कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इसके बाद वार्ड नंबर 12 लक्ष्मीपुर पट्टी में पार्षद कार्यालय का उद्घाटन और डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया गया। गुरुवार सुबह सुभाष नगर में गिरधर सिंह पटवारी के निवास पर आयोजित मीटिंग में भी मतदाताओं ने कांग्रेस को अपना समर्थन देने का भरोसा दिलाया। इसके अलावा, रॉयल सिटी, हनुमान मंदिर, अंबेडकर भवन और पानी की टंकी के पास कांग्रेस के चुनाव प्रचार और जनसंपर्क अभियानों को गति दी गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर
चुनाव प्रचार के दौरान वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कांग्रेस के अभियान को और मजबूत किया। इस दौरान मुशर्रफ हुसैन, मनोज जोशी, इंदर सिंह, मयंक गुप्ता, अरुण चौहान, सलीम एडवोकेट, डॉ. अब्दुल शकील, अनीस अंसारी, नीरज चौहान, और तमाम अन्य कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जनसंपर्क में जुटे रहे। सभी ने भाजपा को विकास विरोधी बताते हुए जनता से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया।
संदीप सहगल ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि भाजपा को सबक सिखाने और काशीपुर को एक विकसित शहर बनाने का समय आ गया है। जनता के समर्थन से कांग्रेस इस बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
