
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है अगले तीन से चार दिन प्रदेश भर के पर्वतीय जिलों के साथ मैदानी इलाकों में भी तेज बारिश होने के आसार हैं।
मसूरी में देर रात से शुरू हुई बारिश तड़के थमी। लेकिन दोपहर बाद फिर मौसम बदला और जमकर मेघ बरसे। वहीं, बारिश के बाद से ही शहर में कोहरा छाया हुआ है। साथ ही तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है।
उधर, आज प्रदेश के चार जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत पौड़ी, चम्पावत और नैनीताल जिले के कुछ हिस्सों में तेज गर्जन के साथ भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ इलाकों में कई दौर की तेज बारिश होने के भी आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है अगले तीन से चार दिन प्रदेश भर के पर्वतीय जिलों के साथ मैदानी इलाकों में भी तेज बारिश होने की संभावना है।
डेढ़ घंटे बंद रहा यमुनोत्री हाईवे
यमुनोत्री धाम सहित आसपास के क्षेत्र में देर रात बारिश होने के कारण सुबह यमुनोत्री हाईवे ओजरी डाबरकोट में मलबा और बोल्डर आने से बंद हो गया था। सुरक्षा के लिहाज से वाहनों को दोनों तरफ रोका गया था। करीब डेढ़ घंटे बाद मलबा हटाकर वाहनों की आवाजाही सुचारू की गई।
राज्य में 47 मार्ग बंद हुए
राज्य में बरसात के कारण बृहस्पतिवार को 47 मार्ग बंद हुए। जबकि प्रदेश में पहले से ही 43 मार्ग बंद थे। कुल बंद मार्गों में 44 मार्ग ही खोले जा सके, अभी भी 46 सड़कें बंद हैं। मार्ग बंद होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है, जो मार्ग बंद हैं, उसमें सात राष्ट्रीय/राज्य मार्ग शामिल हैं। इसमें चंपावत जिले में दो राष्ट्रीय और राज्य मार्ग शामिल हैं। टिहरी, पौड़ी, देहरादून, पिथौरागढ़, चंपावत, ऊधम सिंह नगर में एक- एक राष्ट्रीय और राज्य मार्ग बाधित हैं। इसके अलावा सर्वाधिक 36 ग्रामीण मार्ग भी बंद हैं। मार्ग बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
