मुख्य अतिथि केंद्र के उप महानिरीक्षक सुभाष नेगी ने प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले उप निरीक्षकों को पुरस्कृत किया। केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र सशस्त्र सीमा बल श्रीनगर में उपनिरीक्षक (सीधी भर्ती) का दीक्षांत समारोह हुआ। इस दौरान हुई दीक्षांत परेड में विभिन्न प्रांतों से (उत्तर प्रदेश-1, बिहार-5, हरियाणा-3, दिल्ली-2) कुल 11 उपनिरीक्षक गहन प्रशिक्षण के बाद एसएसबी का हिस्सा बन गए। बल के डिप्टी कमांडेंट राजन राय ने प्रशिक्षुओं को राष्ट्रीय ध्वज व निशान के समक्ष संविधान को साक्षी मानकर पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि एसएसबी के उप महानिरीक्षक सुभाष चंद्र नेगी ने शहीद स्मृति स्थल पर एसएसबी के शहीद जवानों को पुष्पांजलि अर्पित कर परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इन 11 प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को 48 सप्ताह का गहन प्रशिक्षण दिया गया। इससे वह बढ़ती हुई जिम्मेदारियों में सशक्त एवं सफल कमांडर के दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सकेंगे। कहा कि वर्तमान में यह बल भारत-नेपाल और भारत-भूटान के बीच अंतरराष्ट्रीय सरहदों की सुरक्षा का दायित्व को संभाले है। आशा है कि आप महान जनहितैषी बल के सदस्य के रूप में सेवा सुरक्षा और बन्धुत्व’ के मूल मंत्र को सीमाओं की सुरक्षा और प्रबंधन में कायम रखेंगे। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न गतिविधियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

सुमित कुमार को मिला ओवरऑल बेस्ट का पुरस्कार
दीक्षांत समारोह में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सुमित कुमार को सर्वोत्तम प्रशिक्षण के लिए ओवरऑल बेस्ट का पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा उन्हें सर्वोतम कानून और प्रकि्रया का पुरस्कार, बाह्य गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण का पुरस्कार भी दिया गया। इसके अलावा हरियाणा की अन्नू कुमारी को सर्वश्रेष्ठ आंतरिक प्रशिक्षण, उत्तर प्रदेश के शिवम यादव को सर्वोत्तम फायर प्रशिक्षण, बेस्ट ड्रिल और टर्नआउट का पुरस्कार उपनिरीक्षक प्रशिक्षु सुमित (दिल्ली) को दिया गया। गौतम कुमार (बिहार) को सर्वोतम प्रशिक्षु (खेल एवं शारीरिक दक्षता), पवन प्रीत (हरियाणा) को सर्वोतम 16 किलोमीटर (दौड़), गौतम कुमार (बिहार) को बाधाओं/हमले से बचने, सुमित (दिल्ली) को सर्वोतम स्पोर्ट्स, निशा (हरियाणा) को सर्वोतम विभिन हॉबी क्लबों/ सांस्कृतिक के व्यक्तिगत का पुरस्कार दिया गया।

ब्रास बैंड दस्ते ने मधुर धुनों पर किया प्रदर्शन
एसएसबी श्रीनगर के ब्रास बैंड दस्ते ने समारोह में कदम-कदम बढ़ाए जा…, हम हैं सशस्त्र सीमा बल…,भारत के जवान और सारे जहां से अच्छा हिन्दुस्तां हमारा… आदि धुनों पर प्रदर्शन किया। इसके अलावा मास पीटी, रिफ्लेक्स शूटिंग डेमो व जूडो और बैनेट फाइटिंग का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com