दिवंगत डीके मित्तल की सहारनपुर हाईवे पर करोड़ों रुपये की जमीन है। इस पर कई माफिया की नजर है। करोड़पति डीके मित्तल की क्लेमेंटटाउन स्थित जमीन को एक बार फिर बेचने का प्रयास हुआ है। आरोप डीके मित्तल की पत्नी के भतीजे पर लगा है। उसने फर्जी वसीयत के आधार पर इस जमीन को 11 करोड़ रुपये में बेचने की तैयारी कर ली थी। इस बीच शिकायत आई तो मित्तल की पत्नी के भतीजे समेत चार के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस जमीन को बेचने के मामले में पहले भी चार लोग गिरफ्तार हुए थे।
एसओ क्लेमेंटटाउन शिशुपाल सिंह राणा ने बताया, दिवंगत डीके मित्तल की सहारनपुर हाईवे पर करोड़ों रुपये की जमीन है। इस पर कई माफिया की नजर है। कई लोगों ने इसे फर्जीवाड़ा कर बेचने का प्रयास किया है। इसी बीच शुक्रवार को अमेरिका में रहने वाले मित्तल के भांजे शिल्प अग्रवाल ने शिकायत की है। बताया कि उनके मामा-मामी की सभी संपत्तियों की बिक्री पर रोक का स्टे है। उनकी मामी सुशीला मित्तल के नाम पर सुभाष रोड पर एक जमीन है। इस जमीन को उनका भतीजा चंदन महाजन निवासी संतनगर, पठानकोट बेचना चाह रहा है।
इसके लिए उसने फर्जी वसीयत बनाई है। इसके आधार पर उसने 11 करोड़ रुपये में किसी से सौदा भी कर लिया। वसीयत बनाने में सेवक शहनवाल निवासी पटिया, अंबहड़ा पीर, नकुड़, सहारनपुर, दस्तावेज लिखने वाले सुरेश राठौर निवासी नकुड़, सहारनुर और भारत निवसी न्यू भगत सिंह कॉलोनी, सहारनपुर ने साथ दिया। फर्जी वसीयत को 27 फरवरी 2015 में तैयार करना दर्शाया गया है। एसओ ने बताया, जांच में पता चला कि सुशीला मित्तल ने इस प्रकार की कोई वसीयत किसी के नाम नहीं की है। ऐसे में सुशीला मित्तल के भतीजे समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सरकार में निहित करने के लिए भेजी थी रिपोर्ट
बता दें कि मित्तल दंपती की कोरोनाकाल में मृत्यु हो चुकी है। उनकी जमीनों को बेचने पर स्टे लगा हुआ है। इस बीच जब पिछले दिनों फर्जीवाड़ा सामने आया था तो पुलिस ने इस जमीन को सरकार में निहित करने के लिए रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी थी। इस पर अभी फिलहाल जांच चल रही है। जल्द ही जमीन सरकार में निहित हो सकती है।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
