काशीपुर । भाजपा के वरिष्ठ नेता और पीसीयू चेयरमैन राम मेहरोत्रा आज शहर की समस्यायों को लेकर शासन प्रशासन पर बरसे। आमतौर पर भाजपा नेता शहर को समस्या मुक्त होने का दावा करते हैं। लेकिन पहली बार राम मेहरोत्रा ने एक पत्रकार वार्ता में शहर की समस्याओं को लेकर करारा निशाना साधा। हालांकि इस दौरान उन्होंने धामी सरकार की तारीफ में भी कसीदे गढ़े।
आज यहां एस आर एस माल में आयोजित पत्रकार वार्ता में पीसीयू चेयरमैन राम मेहरोत्रा ने कहा कि शहर के लोगों को काफी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। पत्रकार वार्ता की शुरुआत उन्होंने केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के सहकारी क्षेत्र में किये गये कामों की सराहना की। सहारा ग्रुप के निवेशकों को डूबा हुआ पैसा जल्द मिलने की संभावना जताई। क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने 5000 करोड़ रुपए रिलीज कर दिये है। जिससे शहर के भी हजारों निवेशकों को उनका पैसा वापस मिलेगा। वहीं पीसीयू चेयरमैन राम मेहरोत्रा ने सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के एक वर्ष के कार्यकाल में किये गये जनहित के कामों को गिनाते हुए उनकी जमकर तारीफ भी की।
लेकिन जैसे ही पीसीयू चेयरमैन राम मेहरोत्रा काशीपुर के बारे में बोलना शुरू हुए तो एक के बाद एक कई समस्याओं का पिटारा खोल डाला। सबसे पहले राम मेहरोत्रा ने उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध मां बाल सुंदरी देवी चैती मेले की दुर्दशा पर दुःख जताया। इसकी दुर्दशा के लिए उन्होंने प्रशासन पर ठीकरा फोड़ा। उन्होंने कहा कि मेले की नीलामी से प्रशासन को करोड़ो रुपए का राजस्व पिछले दो-तीन वर्षों से प्राप्त हो रहा है लेकिन मेला स्थल के रखरखाव पर एक पैसा भी खर्च नहीं किया जा रहा। मेले में बारिश के दौरान व्यापारियों का काफी नुकसान होता है। राजस्व वसूली से मिले पैसे से मेला स्थल का सौंदर्यीकरण किया जाना चाहिए लेकिन नहीं किया जाता। परिणामस्वरूप मेले का टेंडर लेने वाले और वहां आने वाले व्यापारियों को आर्थिक हानि हो रही है। और ये नुकसान हर बार बढ़ रहा है। जिससे आम व्यापारी यहां आने से डर रहा है। यही कारण है कि इस विश्व प्रसिद्ध मेले का स्वरूप सूक्ष्म होता जा रहा है। जो कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस मेले के लिए दुखदाई है।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com