ऐसा पहली बार हुआ है जब जम्मू-कश्मीर के सबसे आतंक प्रभावित इलाके श्रीनगर सेक्टर में एक महिला आईपीएस अधिकारी को सीआरपीएफ का इंस्पेक्टर जनरल (आईजी) नियुक्त किया गया है। 1996 बैच के तेलंगाना कैडर की आईपीएस अधिकारी चारू सिन्हा अब सीआरपीएफ के महानिरीक्षक (आईजी) के रूप में श्रीनगर सेक्टर की कमान संभालेंगी। यह पहली बार नहीं है जब उन्हें इतना कठिन काम सौंपा गया है, इससे पहले भी वह बिहार सेक्टर में सीआरपीएफ की आईजी के रूप में काम कर चुकी है और नक्सलियों से निपट चुकी हैं।
बिहार सेक्टर में उनके नेतृत्व में विभिन्न एंटी नक्सल ऑपरेशन चलाए गए। बाद में उन्हें सीआरपीएफ के आईजी के तौर पर जम्मू में ट्रांसफर कर दिया गया, जहां उन्होंने एक लंबा और सफल कार्यकाल बिताया। सोमवार को जारी किए गए एक ताजा आदेश में उन्हें श्रीनगर सेक्टर के आईजी के रूप में नियुक्त किया गया।
वर्तमान सीआरपीएफ महानिदेशक एपी माहेश्वरी ने भी 2005 में आईजी के रूप में श्रीनगर सेक्टर का नेतृत्व किया है। 2005 में शुरू हुए इस सेक्टर में कभी भी आईजी स्तर की महिला अधिकारी नहीं रही। ऐसा पहली बार होगा जब चारू सिन्हा यह पद संभालेंगी। इस सेक्टर का काम आतंक विरोधी अभियानों को सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की मदद से अंजाम देना है।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
