ठाकुरद्वारा मैं सम्पूर्ण समाधान दिवस पर गूँजी विद्युत विभाग की समस्या
जिलाधिकारी श्री राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में तहसील ठाकुरद्वारा में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ, जिसमें जिलाधिकारी ने शिकायतों को गंभीरता पूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्ता पूर्ण एवं समयबद्धता से निस्तारण करने के निर्देश दिये हैं। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व संबंधी तथा विद्युत विभाग से संबंधित शिकायत अधिक संख्या में आयीं जिनका संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्परता व समयबद्धता से निस्तारण हेतु निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में आयी शिकायतों का निस्तारण स्पष्ट तरीके से करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतकर्ताओं को प्राप्ति रसीद भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों को बताया कि सीएम हेल्पलाइन तथा आईजीआरएस पोर्टल से संबंधित शिकायतों के शासन स्तर पर निस्तारण की गुणवत्ता की जांच का कार्य प्रारम्भ हो गया है तथा मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा भी समीक्षा की जा रही है। उन्होंने सचेत किया कि किसी भी शिकायत में भविष्य के निस्तारण होने की रिपोर्ट न लगाये, शिकायत को निर्धारित अवधि में निस्तारण किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभिन्न स्तरों से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की क्वालिटी स्वयं चैक कर लें तथा शिकायत को हर स्तर से देखकर ही निस्तारण करें तथा शिकायत कर्ता से भी फीडबैक लेते रहें। जिलाधिकारी ने कई मामलों में राजस्व टीम एवं पुलिस को मौके पर पहुंचकर राजस्व संबंधी शिकायतों के निस्तारण करने के निर्देश दिये हैं।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में आने वाली जनशिकायते राजस्व, विकास, पुलिस, पूर्ति, चकबंदी, विद्युत, जल निगम, पेंशन एवं छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा से संबंधित हर शिकायत /समस्यां को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों से वार्ता कर तत्परता से निस्तारण के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य है कि जनसमस्याओं/शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण स्थानीय स्तर पर ही हो इसी सोच के साथ शासन ने हर तहसील में समाधान दिवस आयोजित करने के निर्देश दिये हैं। सभी विभाग शासन की प्राथमिकताओं को देखते हुए समयबद्ध जनशिकायतों का निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बल पूर्वक कहा कि किसी भी स्तर पर छोटी से छोटी जनशिकायत /जनसमस्या को हल्के से न लें बल्कि संवेदनशील होकर त्वरित निस्तारण करना सुनिश्चित करें, ताकि जनता को बदलाव का एहसास हो कि उसकी शिकायत/समस्या को संबंधित अधिकारियों द्वारा गंभीरता से सुना जा रहा है। शासन की अवधारणा है कि यदि जनसामान्य की बात स्थानीय स्तर पर ही सुनकर उसका गुणवत्ता पूर्ण और सही निस्तारण वास्तविकता से होगा तो लोगों को अनावश्यक भागदौड़ करने से निजात मिलेगी। हम सब को संवेदनशील होकर शासन की सोच को मूर्तरुप देना ही लक्ष्य है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से लगभग 11 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया तथा शेष जनशिकायतें स्थलीय जांचोपरान्त समयबद्ध निस्तारण हेतु विभागों को संदर्भित की गयी
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रभाकर चैधरी, एसडीएम ठाकुरद्वारा, तहसीलदार ठाकुरद्वारा, मुख्य चिकित्साधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक तथा लेखपाल एवं अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहें

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com