पर्यटन नगरी डलहौजी बर्फ के दीदार को आए पंजाब अमृतसर के सैलानियों की गाड़ी गहरी खाई में गिरने से एक शख्स की मौत हो गई है। हादसा डलहौजी-खज्जियार मार्ग पर आहला के पास गाड़ी के बर्फ में फिसलने से हुआ। हादसे में गाड़ी करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। वाहन दुर्घटना में चार पर्यटकों को गंभीर चोटें आई हैं। इसमें से एक घायल को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मृतक की पहचान अमरदीप पुत्र जगदीश चंद वीपीओ गुरु हरिराय एवेन्यू कॉलेज रोड अमृतसर के रूप में हुई है। जबकि, घायलों की पहचान सुखप्रीत सिंह पुत्र बलवीर सिंह, हीरा सिंह पुत्र प्रीतपाल सिंह, अमरवीर पुत्र जगदीश सिंह और हरप्रीत सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी वीपीओ मसहरा कला अमृतसर है। वाहन दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने डलहौजी थाना और एंबुलेंस को इस बारे में सूचित किया। इसके बाद घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। शव का पोस्टमार्टम करवाकर डलहौजी अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। वहीं घायलों का सिविल अस्पताल डलहौजी में उपचार चल रहा है। घटना शाम करीब पांच बजे के करीब की बताई जा रही है, जब डलहौजी के लक्कड़मंडी के पास एक कार बर्फ में फिसलने से खाई में गिर गई। यहां एक घायल अमरवीर के सिर पर गहरी चोटें आई हैं। इसके चलते टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मौके पर प्रशासन की तरफ से नायब तहसीलदार अजय सिंह मौजूद थे। सिविल अस्पताल डलहौजी के एसएमओ डॉ. विपिन ने बताया कि वाहन दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि चार अन्य बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं। उन्होंने बताया कि घायलों में से अमरवीर को टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
