अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर डिएगो माराडोना का बुधवार को 60 साल की उम्र में निधन हो गया. माराडोना का निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ. माराडोना के वकील ने इस खबर की पुष्टि की. माराडोना को दुनिया के महान फुटबॉलरों में गिना जाता है. “Hand of God” के नाम से दुनिया में मशहूर माराडोना ने 1986 में अर्जेंटीना को वर्ल्ड चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई थी.  

80 और 90 के दशक में फुटबॉल की दुनिया में माराडोना की तूती बोलती थी. माराडोना ने 1977 से 1994 तक अर्जेंटीना के लिए फुटबॉल खेला. FIFA प्लेयर ऑफ दी सेंचुरी पुरस्कार के लिए उन्हें इंटरनेट वोटिंग में पहला स्थान मिला था और उन्होंने पेले के साथ पुरस्कार में साझेदारी की थी. माराडोना ने अकेले अपने दम पर अर्जेंटीना को 1986 का फुटबॉल वर्ल्ड कप जिताया था.

1986 के विश्व कप में डिएगो माराडोना ने हाथ की मदद से गोल किया था. बाद में उन्होंने इसे ‘हैंड ऑफ गॉड’ यानी ईश्वर का हाथ करार दिया था. माराडोना ने ये गोल इंग्लैड के खिलाफ मैच में किया था. माराडोना 1986 में मैक्सिको में खेले गए विश्व कप में अर्जेंटीना के कप्तान थे.

उन्होंने क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना की इंग्लैंड के खिलाफ 2-1 से जीत के बाद कहा था, ‘यह ईश्वर का हाथ यानी ‘हैंड ऑफ गॉड’ था.’ उस विश्व कप में माराडोना के दम पर अर्जेंटीना दूसरी बार चैम्पियन बना था. फाइनल में अर्जेंटीना ने वेस्ट जर्मनी को 3-2 से शिकस्त देकर दूसरी बार इस ट्रॉफी पर कब्जा किया था. 

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com