रामपुर में मिशन शक्ति के तहत थानेदार बनी बिटिया के सपा नेता का चालान काटने पर वह पुलिस से भिड़ गए। पुलिस अधीक्षक से भी बहस की और खुद को जनप्रतिनिधि बताते हुए रौब गांठा। पुलिस ने सपा नेता और उनके चालक पर सरकारी काम में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। उनकी कार भी सीज कर दी। हालांकि, बाद में थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया गया।
मिशन शक्ति के तहत शुक्रवार को जिले के समस्त थानों में मेधावी बेटियों को थाना प्रभारी बनाया गया। सिविल लाइंस थाने में ग्रीनवुड स्कूल की छात्रा इकरा बी को प्रभारी निरीक्षक बनाया था। इकरा बी अपनी टीम के साथ मालगोदाम चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थीं। पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम, सीओ सिटी विद्याकिशोर शर्मा और इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह भी भारी पुलिस बल के साथ मौजूद थे। इसी दौरान बरेली की ओर से स्कॉर्पियो आई, जिसमें बरेली के लाल फाटक कादरपुर निवासी शिवचरन कश्यप और उनका चालक भमोरा के रजपुरा निवासी अमित कुमार सवार थे। I

स्कार्पियो सवार दोनों लोगों ने ही मास्क नहीं लगाया था। पुलिस ने कार को रोक लिया और कोविड-19 के तहत चालान काटने के निर्देश दिए। नामित थानेदार इकरा बी ने चालान काटने के लिए नाम पूछा तो नेताजी भड़क गए। बहस करने लगे। एसपी से भी खूब बहस की। बोले, पानी पीने के लिए मास्क हटाया था।
उनकी कार की तलाशी ली गई। कार में कई डंडे रखे थे। नेताजी को और उनकी कार को पुलिस थाने ले गई। दरोगा हारून खां ने पुलिस पर हमलावर होने और सरकारी काम में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि बाद में उन्हें थाने से जमानत दे दी गई।
एसपी शगुन गौतम के अनुसार कार सवार दोनों व्यक्तियों ने मास्क नहीं पहना था। नामित थाना प्रभारी इकरा बी वाहन और मास्क चेकिंग कर रही थीं। रोकने पर पुलिस से बहस भी की। इस पर रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। बाद में थाने से जमानत दे दी गई। वह खुद को सपा का नेता बता रहे थे।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com