बिहार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मतदाताओं को लुभाने के लिए कोरोना का टीका आ जाने पर पूरे राज्य के लोगों को मुफ्त में उपलब्ध कराने का वादा किया है. अब उसे लेकर देश में राजनीतिक माहौल गर्माता नजर आ रहा है. इस बाबत शिवसेना ने मुखपत्र सामना में बीजेपी पर निशाना साधा है.
शिवसेना ने सामना में कहा है कि बीजेपी की असली नीति क्या है? उनका दिशा-दर्शक कौन है? इस बारे में थोड़ा भ्रम का माहौल बना दिख रहा है. दो दिन पहले ही प्रधानमंत्री मोदी ने जनता को आश्वासन दिया था कि सरकार प्रयास करेगी कि कोरोना का टीका आते ही उसे देश के सभी लोगों तक पहुंचाया जाए. प्रधानमंत्री टीके का वितरण करते समय कहीं भी जाति, धर्म, प्रांत, राजनीति बीच में नहीं लाए.
शिवसेना ने सामना में बीजेपी के घोषणा पत्र में पहले नंबर पर यह वादा होने का उल्लेख करते हुए वित्त मंत्री पर भी निशाना साधा है और इसे विचित्र बताया है. शिवसेना ने यह सवाल भी किया है कि जिन राज्यों में बीजेपी की सरकार नहीं है, वे राज्य क्या पाकिस्तान में हैं? या इन राज्यों को कोरोना का टीका पुतिन देंगे.
शिवसेना ने सामना के संपादकीय में कोरोना काल में हो रही चुनावी रैलियों को लेकर भी तंज किया है. शिवसेना ने कहा है कि नेताओं के हेलीकॉप्टर उड़ रहे हैं और प्रचंड भीड़ उमड़ रही है. इस भीड़ में हो सकता है कि कोरोना की दबकर मौत हो जाए और राजनीतिक क्रांति हो जाए. संपादकीय में बीजेपी पर तंज करते हुए कहा गया कि बिहार में जो निर्णय आना होगा, वह आएगा लेकिन बीजेपी ने लोगों के मन में कोरोना का डर बढ़ाकर मुफ्त टीके की सुई लगाने का ‘फोकट’ उद्योग शुरू किया है.

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
