
आरोपी हैंडलर पाकिस्तानी आईएसआई एजेंट शहजाद भट्टी के संपर्क में था। यहां वह तालीबान का प्रचार प्रसार कर रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से ठीक पहले दून में संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार हुआ है। एसटीएफ और दून पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में झाझरा से विक्रांत कश्यप को पकड़ा है। विक्रांत पाकिस्तानी आईएसआई के एजेंट आतंकी शहजाद भट्टी से जुड़ा था। उसने यहां से कई सामरिक महत्व वाले स्थानों के फोटो-वीडियो पाकिस्तान भेजे थे। एसटीएफ आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि वह पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन अल बद्र ब्रिगेड से जुड़े आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम व व्हाट्सएप के जरिये लगातार संवाद कर रहा था। आरोप है कि युवक देहरादून स्थित सैन्य व अन्य सरकारी संस्थानों की लोकेशन और फोटो-वीडियो पाकिस्तान भेज रहा था। एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को आतंकी गतिविधियों के लिए उकसाया जा रहा था। उसे महत्वपूर्ण स्थानों जैसे आईएमए, पुलिस मुख्यालय और अन्य सरकारी भवनों के वीडियो व फोटो भेजने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही, उसे शहर में तहरीक-ए-तालिबान-हिंदुस्तान (टीटीएच) के नाम से ग्राफिटी लिखने और उसका वीडियो बनाकर भेजने के लिए कहा गया था, जिससे दहशत फैल सके। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को नेपाल के रास्ते दुबई भेजकर वहां से आगे आतंकी नेटवर्क में शामिल करने का लालच दिया गया था। इसके बदले उसे आर्थिक मदद का भी प्रस्ताव दिया गया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, एक स्प्रे पेंट कैन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर आगे की जांच की जा रही है।
सिद्धू मूसेवाला की हत्या से था आहत
पूछताछ के दौरान विक्रांत कश्यप ने बताया कि वह पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का प्रशंसक था और उनकी हत्या से आहत होकर बदला लेने की भावना में आ गया था। इसी दौरान सोशल मीडिया पर उसकी बातचीत पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से हुई, जिसने उसे अपने जाल में फंसा लिया और धीरे-धीरे आतंकी गतिविधियों में शामिल करने लगा। बता दें कि शहजाद भट्टी ने भी मूसेवाला की हत्या का बदला लेने का एलान किया था।
राज्य में सक्रिय असामाजिक और राष्ट्रविरोधी तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना प्रेमनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई से एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
