ऋषिकेश:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में अफसरों को बेहतर इंतजाम करने के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा को सुरक्षित व सुगम बनाने के लिए सरकार ने सख्त एक्शन प्लान तैयार किया है। सीसीटीवी व एआई आधारित निगरानी से यात्रा को हाईटेक बनाया जाएगा। इस बार ग्रीन व क्लीन यात्रा को और व्यापक बनाया जाएगा। वहीं, यात्रा के दौरान अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में अफसरों को बेहतर इंतजाम करने के निर्देश दिए। कहा कि दुनिया भर से चारधाम यात्रा पर आने वाले हर श्रद्धालु की सुरक्षा व सुविधा हमारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। यात्रा राज्य की लाइफ लाइन है, जिसे व्यवस्थित, सुरक्षित, स्वच्छ और तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जाए। कहा कि यात्रा में विशेषकर हेली सेवाओं में व्यावसायिक दृष्टिकोण की अपेक्षा मानवीय संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मुख्यमंत्री की पहल पर बीते वर्ष शुरू की गई ग्रीन व क्लीन चारधाम यात्रा की मुहिम को इस बार और अधिक प्रभावी रूप में लागू किया जाएगा। इसके लिए सीएम ने प्लास्टिक मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यात्रा मार्गों पर पर्याप्त संख्या में कलेक्शन बॉक्स लगाने व प्लास्टिक के उपयोग पर सख्ती से नियंत्रण करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यात्रा को लेकर कोई भी भ्रामक या अफवाह फैलाने का प्रयास करेगा तो उसके मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा स्थानीय निकायों, स्वयंसेवी संस्थाओं व युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर यात्रा को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज (वर्चुअल माध्यम से), मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी व यात्रा से संबंधित जिलों के डीएम मौजूद रहे।

हेलिकॉप्टरों की फिटनेस जांच अनिवार्य हो
बीते वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान हुए हेलिकॉप्टर हादसों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिए कि हेलिकॉप्टरों की नियमित फिटनेस जांच अनिवार्य की जाए। ऑपरेशनल ओवर लोडिंग से बचने के लिए समय-समय पर सेवाओं को विश्राम दिया जाए। एसओपी का पूरी सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने मौसम आधारित जानकारी व निगरानी प्रणाली को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

यात्रा मार्गों पर आवश्यक वस्तुओं की कमी न हो
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यात्रा मार्ग पर गैस, पेट्रोल, डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जिला पूर्ति अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी कर नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं। साथ ही प्रतिदिन मॉनिटरिंग करें। यात्रा मार्गों पर मेडिकल यूनिट के साथ ही अस्थायी अस्पताल स्थापित करें।

भीड़ नियंत्रण के लिए स्लॉट प्रबंधन प्रभावी बनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा, धामों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को लंबा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए स्लॉट प्रबंधन व भीड़ नियंत्रण प्रणाली को प्रभावी बनाएं। रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम का उपयोग किया जाए। ऑफलाइन पंजीकरण केंद्रों पर भीड़ से बचने के लिए केंद्र बढ़ाने और डिजिटल प्रक्रिया को सरल बनाया जाए।

जाम की स्थिति उत्पन्न न हो
कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए सीएम ने कहा, मुख्य मार्गों, चौराहों और बाजारों में पुलिस व होमगार्ड की पर्याप्त तैनाती करें। उन्होंने ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि जाम की स्थिति बिल्कुल उत्पन्न न हो और इसके लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए। स्थानीय नागरिकों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों की पहचान और संचालन किया जाए।

ओवर रेटिंग पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष भंडारों को लेकर उत्पन्न विवादों का उल्लेख करते हुए निर्देश दिए कि प्रशासन स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के बीच समन्वय स्थापित कर इस समस्या का स्थायी समाधान निकालें। साथ ही ओवर रेटिंग पर सख्ती करते हुए सभी दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *