82 दायित्वधारी सरकार की योजनाएं जमीनी स्तर तक पहुंचाएंगे। इसके लिए प्लान तैयार किया गया है। भाजपा ने जमीनी स्तर से ऐसे नेताओं का चयन किया, जिनकी अपने क्षेत्र में खास पकड़ और पहचान है। सरकार ने प्रदेश के कोने-कोने से जिन 82 नेताओं को दायित्व सौंपे हैं, भाजपा उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देगी। सरकार और संगठन को साथ लेकर अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा इनका बड़ा इस्तेमाल करने वाली है। इसका पूरा प्लान तैयार कर लिया गया है। धामी सरकार के दायित्वों के बंटवारे के बाद अब भले ही चुनाव में कम समय बचा हो लेकिन दायित्वधारियों का चयन सरकार और संगठन ने खास योजना के तहत किया है। ये भाजपा की माइक्रो इंजीनियरिंग है। इसके तहत भाजपा ने जमीनी स्तर से ऐसे नेताओं का चयन किया, जिनकी अपने क्षेत्र में खास पकड़ और पहचान है। इनमें कुछ नेता ऐसे भी हैं जो पिछले दिनों दूसरे दलों से भाजपा में आए और संगठन ने उन्हें महत्व दिया।
आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा दो स्तर के सर्वेक्षण करा चुकी है। चुनावी मैदान में पूरी तैयारी से उतरने के लिए पार्टी किसी भी स्तर पर चूक नहीं चाहती। लिहाजा, दायित्वधारियों के चयन में उन क्षेत्रों को भी फोकस में लिया गया, जहां संगठन खुद को थोड़ा कमतर महसूस कर रहा था। साफ है कि जहां कमजोर होंगे, वहां ये दायित्वधारी सरकार और संगठन के सच्चे सिपाही बनकर खड़े होंगे।
पहले जनता के बीच पहुंचो, फिर मिलेगा चुनाव का टास्क
भाजपा संगठन ने साफ कर दिया है कि सभी दायित्वधारी अपने-अपने विभागों की योजनाओं का लाभ व खूबियां लेकर जनता के पास पहुंचें। जितना अधिक हो सके, उन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। इसके बाद संगठन ने इनका चुनावी टास्क तैयार किया है जो कि जल्द ही बताया जाएगा। निश्चित तौर पर सभी दायित्वधारी सरकार और संगठन के बीच सेतु का काम करेंगे। जनता तक जितना लाभ पहुंचाएंगे, उससे पार्टी को उतनी ही मजबूती मिलेगी। विधानसभा चुनाव के लिए इनका टास्क निर्धारित किया जा रहा है।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
