काशीपुर। समाज सेवा एवं सहयोग की अपनी गौरवपूर्ण परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री कायस्थ सभा, काशीपुर द्वारा आज श्री चित्रगुप्त कन्यादान एवं सामूहिक विवाह प्रोत्साहन योजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सभा भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में संस्था के अध्यक्ष अभिताभ सक्सेना एडवोकेट ने योजना की विस्तृत जानकारी मीडिया के समक्ष प्रस्तुत की।जानकारी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि यह योजना विशेष रूप से आर्थिक रूप से असक्षम परिवारों की कन्याओं के विवाह में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई है। श्री कायस्थ सभा का प्रयास केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना है। इस योजना के अंतर्गत श्री कायस्थ सभा से जुड़े ऐसे परिवार जो आर्थिक रूप से असक्षम हैं ,उन परिवारों की कन्याओं के निशुल्क सभा भवन उपलब्ध कराते हुए विवाह हेतु ₹5100 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी ! इसके अतिरिक्त,अन्य कोई भी ऐसे परिवार जो आर्थिक रूप से असक्षम हैं ,उन परिवारों की कन्याओं के विवाह हेतु सभा भवन शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट के साथ ₹5100 की आर्थिक सहायता दी जाएगी, बशर्ते विवाह सभा भवन में ही संपन्न हो। इस योजना में विशेष रूप से शहीदों की बेटियों, विधवा माता की पुत्रियों, दिव्यांग कन्याओं एवं अत्यंत निर्धन परिवारों को प्राथमिकता प्रदान किए जाने का लक्ष्य है !इस दौरान संस्था के सचिव श्री राजेश कुमार सक्सेना ने बताया कि योजना में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने हेतु 07 सदस्यीय जांच समिति गठित की जाएगी, जो प्रत्येक आवेदन करने वाले स्थल निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट कार्यकारिणी समिति को प्रस्तुत करेगी जिस पर कार्यकारिणी द्वारा निर्णय लेकर पात्र या अपात्र का चयन कर योजना लाभ प्रदान किए जाने का प्रावधान किया गया है !शुरुआती दौर में इस योजना के अंतर्गत वर्ष में अधिकतम 10 पात्र कन्याओं को लाभ प्रदान किया जाएगा जिसे भविष्य में और अधिक बढ़ाए जाने का लक्ष्य रहेगा ,योजना लाभ हेतु आवेदन विवाह तिथि से कम से कम दो माह पूर्व करना अनिवार्य होगा परंतु विशेष परिस्थितियों में कार्यकारिणी की संस्तुति पर इस समय सीमा को कम किया जा सकता होगा। लाभार्थी कन्याओं को सहायता राशि उनके विवाह के समय चेक के माध्यम से प्रदान की जाएगी।साथ ही, योजना में सामूहिक विवाह को भी प्रोत्साहित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। सामूहिक विवाह करने पर प्रति कन्या अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि एवं आयोजन संबंधी सहयोग भी प्रदान किए जाने संबंधी प्रावधानों पर विचार किया जाएगा।इस दौरान उपस्थित संस्था के संरक्षक अशोक सक्सेना ने समाज के सभी सक्षम व्यक्तियों, उद्योगपतियों, व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों से इस योजना में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि “यह केवल एक योजना नहीं, बल्कि समाज के सामूहिक दायित्व का एक प्रयास है, जिसे हम सब मिलकर आगे बढ़ा सकते हैं।”इस दौरान संस्था संरक्षक मुकेश सक्सेना एडवोकेट, सुशील कुमार सक्सेना, गीता सक्सेना, संस्था के उपाध्यक्ष प्रदीप सक्सेना, उपसचिव कुलदीप श्रीवास्तव ,आय व्यय निरीक्षक ज्ञानेंद्र सक्सेना ,विधि अधिकारी अपूर्व चित्रांश ,कार्यकारिणी सदस्य राजेश चंद्र सक्सेना ,अनूप सक्सेना ,अनिल कुमार सेक्टर संयोजक रजनीश कुमार सक्सेना,कामिनी श्रीवास्तव ,सुनीता सक्सेना ,देवम सक्सेना ,राम अवतार सक्सेना आदि उपस्थित रहे ।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *