
देहरादून: उत्तराखंड के कई जिलों के बाद अब देहरादून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा ईमेल जिला जज कार्यालय को प्राप्त होने के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। एसएसपी सिटी प्रमेन्द्र डोबाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और एहतियातन सभी जजों, अधिवक्ताओं व कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया। पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराकर चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने पुष्टि की कि जिला जज कार्यालय को धमकी भरा मेल मिला है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। प्रारंभिक जांच में ईमेल के पीछे किसी पाकिस्तानी संगठन की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। गौरतलब है कि इससे पहले नैनीताल, उत्तरकाशी, टिहरी, हरिद्वार और रुद्रप्रयाग समेत कई जिलों के न्यायालय परिसरों को भी बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि अब तक की जांच में किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
