ऋषिकेश में कल्याण पत्रिका के शताब्दी समारोह में भाग लेने के बाद केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पतंजलि योगपीठ में रात्रि विश्राम किया। इस दौरान उन्होंने स्वामी रामदेव के साथ पतंजलि द्वारा संचालित सेवाओं की विस्तार से जानकारी ली।

बृहस्पतिवार को पतंजलि योगपीठ परिसर स्थित अस्पताल में इमरजेंसी सेवा एवं क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया। उद्घाटन से पूर्व उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण किया और इंटीग्रेटेड मेडिसिन सिस्टम की इस पहल की सराहना की। अमित शाह ने कहा कि यह अस्पताल विश्व का पहला हाइब्रिड हॉस्पिटल है, जहां आधुनिक चिकित्सा और पारंपरिक उपचार पद्धतियों का समन्वय किया गया है।

पतंजलि योगपीठ पहुंचने पर अमित शाह का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। परिसर में कन्याओं ने तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया, जबकि गुरुकुलम और आचार्यकुलम के छात्र-छात्राओं ने उनसे संवाद किया। पतंजलि परिवार ने इस अवसर को गौरव, प्रेरणा और ऊर्जा का प्रतीक बताया।

स्वामी रामदेव ने कहा कि यह पूरे पतंजलि परिवार के लिए गर्व का विषय है कि विश्व के पहले इंटीग्रेटेड हॉस्पिटल का लोकार्पण ऐसे नेता के हाथों हुआ है, जो राष्ट्रधर्म के साथ-साथ सनातन धर्म, योग और आयुर्वेद को सर्वोपरि मानते हैं। उन्होंने बताया कि इस अस्पताल में 90 से 99 प्रतिशत रोगियों को योग, आयुर्वेद, नेचुरोपैथी, पंचकर्म, षट्कर्म, पंचमहाभूत चिकित्सा, मेडिकेटेड वाटर व फूड, उपवास और उपासना के माध्यम से स्वस्थ करने का प्रयास किया जाएगा।

स्वामी रामदेव ने स्पष्ट किया कि पतंजलि एलोपैथी के विरोध में नहीं है। उन्होंने कहा कि पतंजलि गैर-जरूरी दवाओं, गैर-जरूरी ऑपरेशनों और अनावश्यक जांचों के खिलाफ है, न कि आधुनिक चिकित्सा के। उन्होंने बताया कि अस्पताल में किडनी रोगियों के लिए डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध है, हालांकि प्रयास रहता है कि रोगी को डायलिसिस से बचाया जा सके।

उन्होंने कहा कि ब्रेन सर्जरी से पहले मेधा वटी और मेमोरी ग्रिट जैसी आयुर्वेदिक औषधियों पर विश्वास किया जाता है। साथ ही यज्ञ चिकित्सा के अंतर्गत मेधा यष्टी, ब्राह्मी, शंखपुष्पी और ज्योतिष्मति से हवन भी कराया जाता है।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *