असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन चौहान ने ही परीक्षा का पेपर बॉबी पंवार को भेजा था। इसी मामले में सीबीआई 28 नवंबर को सुमन चौहान को गिरफ्तार कर चुकी है।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय परीक्षा पेपर लीक मामले में सीबीआई ने अब बॉबी पंवार को भी पूछताछ के लिए बुलाया। उनसे लगभग नौ घंटे तक पूछताछ की गई। बॉबी को बसंत विहार कार्यालय में सुबह करीब 11:30 बजे बुलाया गया था और रात करीब 8:30 बजे वे बाहर निकले। पूछताछ के दौरान उनसे कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे गए।
जानकारी के अनुसार, असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन चौहान ने ही पेपर बॉबी पंवार तक पहुँचाया था। 21 सितंबर को UKSSSC ने यह परीक्षा कराई थी, लेकिन परीक्षा के दौरान पेपर का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बेरोजगार संघ ने आरोप लगाया कि पेपर लीक हुआ है, जिसके बाद रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच में पता चला कि पेपर हरिद्वार के बहादरपुर जट स्थित परीक्षा केंद्र से बाहर भेजा गया था। वहां के परीक्षार्थी खालिद ने पहले से छिपाए मोबाइल से पेपर अपनी बहन साबिया को भेजा। साबिया ने इसे आगे सुमन चौहान को भेजा और सुमन ने वह पेपर बॉबी पंवार को भेज दिया।
सुमन चौहान टिहरी गढ़वाल के शहीद श्रीमती हंसा धनई राजकीय महाविद्यालय में पढ़ाती हैं। पुलिस ने 22 सितंबर को उन्हें हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद खालिद और फिर उसकी बहन साबिया को भी गिरफ्तार किया गया। शुरुआती जांच में यह सामने आया था कि सुमन चौहान जानबूझकर इस साजिश में शामिल नहीं थीं और उन्हें पता नहीं था कि यह किसी प्रतियोगी परीक्षा का प्रश्नपत्र है, इसलिए उन्हें उस समय छोड़ दिया गया।
इस मामले में युवाओं ने आठ दिनों तक सीबीआई जांच की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीबीआई जांच की अनुशंसा की। औपचारिकताएं पूरी होने पर सीबीआई ने 26 अक्टूबर को मामला दर्ज किया। अब सीबीआई की प्रारंभिक जांच में सुमन चौहान की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। उन्हें स्पेशल जज (सीबीआई) की अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
