जेनेवा :  दुनियाभर में कोरोना के मामले और कोरोना से मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है. तमात कोशिशों के बावजूद कोरोना पर लगाम लगाने में पूरी तरह से कामयाबी हासिल नहीं हो पाई है. इस बीच,WHO  ने शुक्रवार को चेतावनी दी है कि यदि वायरस को रोकने के लिए वैश्विक स्तर पर कड़े कदम नहीं उठाए गए तो  कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या 20 लाख तक जाने की आशंका है. बता दें कि विश्व में कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या 10 लाख पहुंचने के करीब है.

WHO की ओर से यह चेतावनी ऐसे समय आई है कि जब दुनिया में कोरोना से मौत का आंकड़ा 10 लाख के स्तर पर पहुंचने वाला है. विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि यदि महामारी से निपटने के लिए विभिन्न देश और लोग एक साथ नहीं आए तो, 10 लाख और मौतों की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है.

WHO के आपातकालीन कार्यक्रम के निदेशक माइकल रेयान ने एक वर्चुअल कॉन्फ्रेंस में कहा, “दस लाख का आंकड़ा डराने वाला है और अगले दस लाख पर विचार शुरू करने से पहले हमें इस पर विचार करने की जरूरत है.” उन्होंने कहा, “क्या हम कोरोना से होने वाली मौतों को रोकने के लिए सामूहिक रूप से कदम उठाने के लिए तैयार हैं? अगर हमने कदम नहीं उठाए तो… हां, हम दुर्भाग्य से कही अधिक संख्या देख सकते हैं.” 

समाचार एजेंसी एएफपी की ओर से आधिकारिक सूत्रों से संकलित आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल दिसंबर में चीन में महामारी फैलने के बाद से अब तक कम से कम 9,84,068 लोगों की COVID-19 की वजह से मौत हुई. दुनियाभर में करीब 3.2 करोड़ मामले दर्ज किए गए हैं. 

  

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com