उत्तराखंड के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी खुशखबरी है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) ने शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए राज्य के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में एमडी और एमएस की 58 नई सीटों को मंजूरी दे दी है। यह कदम प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर करने में मददगार साबित होगा। अब तक देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में कुल 19 पाठ्यक्रमों में 174 पीजी सीटें उपलब्ध थीं, जबकि अल्मोड़ा और हरिद्वार मेडिकल कॉलेजों में पीजी कोर्स की सुविधा नहीं थी। लेकिन अब इस मंजूरी के बाद पहली बार अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज को विभिन्न पाठ्यक्रमों में 35 पीजी सीटें मिल गई हैं। प्रदेश सरकार की ओर से पीजी सीटों में वृद्धि के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा गया था, जिस पर एनएमसी ने सहमति दे दी है। मंजूर हुई नई सीटों में देहरादून मेडिकल कॉलेज में 10, हल्द्वानी में 13, और अल्मोड़ा में 35 सीटें शामिल हैं। इन नई सीटों से प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी और ग्रामीण व पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी। यह कदम राज्य की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
