मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों में 840 विद्यालयों की वर्चुअल एवं स्मार्ट कक्षाओं के केंद्रीकृत स्टूडियो का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह पहल राज्य की शिक्षा व्यवस्था को एक नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है, जहां बुनियादी शिक्षा के लिए राज्य की स्वयं की पाठ्यचर्या रूपरेखा तैयार की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बन रहे हैं, जो प्रदेश के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगा। उन्होंने बताया कि आज के डिजिटल युग में शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रही, बल्कि वर्चुअल प्लेटफॉर्म, स्मार्ट कक्षाएं और तकनीकी नवाचारों के माध्यम से सीखने के नए अवसर सामने आ रहे हैं।इन प्रयासों से न सिर्फ पाठ्यक्रम को अधिक रोचक और समझने योग्य बनाया जा रहा है, बल्कि दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले छात्र भी विशेषज्ञ शिक्षकों से सीधे जुड़ पा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य के 226 विद्यालयों को पीएम श्री स्कूल के रूप में विकसित किया गया है, जबकि 500 स्कूलों में वर्चुअल कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।उन्होंने यह भी बताया कि अब विद्यार्थी “उत्तराखंड वर्चुअल लर्निंग एप्लिकेशन” के माध्यम से घर बैठे ही आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। इस ऐप के जरिये छात्र न केवल श्रेष्ठ शिक्षकों से सीख सकेंगे, बल्कि स्वयं अपना मूल्यांकन भी कर पाएंगे।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
