हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मरोतन से घुमारवीं जा रही एक निजी बस भूस्खलन की चपेट में आ गई, जिससे अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है। यह दर्दनाक हादसा बरठीं में भल्लू पुल के पास शुक्र खड्ड किनारे हुआ, जब पहाड़ी से अचानक भारी मलबा बस की छत पर गिर पड़ा। मलबे के दबाव से बस की छत उखड़कर खड्ड के किनारे जा गिरी और पूरा मलबा बस पर आ गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची बचाव दल की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं।
बस में सवार थे लगभग 35 यात्री
बताया जा रहा है कि बस में करीब 35 लोग सवार थे। यह घटना सुबह करीब साढ़े छह बजे हुई। बस में मरोतन, बरठीं, घुमारवीं और बीच के कई स्टेशनों के यात्री सफर कर रहे थे। हादसे में बस चालक और परिचालक की भी मौत हो गई है। अब तक 18 शव मलबे से निकाले जा चुके हैं, जबकि दो बच्चियों और एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। इनमें से एक बच्ची की मां इस हादसे में मारी गई। घायलों को बरठीं अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक, दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस भीषण दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं और घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री शिमला से लगातार हालात की निगरानी कर रहे हैं।
उप-मुख्यमंत्री भी रवाना हुए हादसा स्थल के लिए
बस हादसे की जानकारी मिलते ही उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कुल्लू दशहरा कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर बिलासपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर नेताओं ने जताया दुख
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रो. प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार, सांसद सुरेश कश्यप, कंगना रनौत, इंदु गोस्वामी समेत कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और भाजपा संगठन प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक, दी आर्थिक सहायता की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुए हादसे से अत्यंत दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।”
गृह मंत्री अमित शाह ने भी जताया दुख
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में भूस्खलन के कारण हुए बस हादसे से मन अत्यंत दुखी है। एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और बचाव कार्य में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि इस हादसे में जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं, और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
