गंगा में जल्द ही रंग बिरंगी राफ्टें तैरती दिखेंगी। शासन से रिवर राफ्टिंग को हरी झंडी मिल गई है। शासन ने इसके लिए संबंधित जिलाधिकारी को कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करवाने के आदेश दिए हैं। अब सिर्फ डीएम की ओर से गाइडलाइन जारी किए जाने का इंतजार है। गंगा में साहसिक गतिविधियां शुरू होने के बाद पर्यटन व्यवसाय के पटरी पर लौटने की उम्मीद है।
कोविड-19 के चलते बीते मार्च से गंगा में राफ्टिंग बंद है, इससे राफ्ट संचालक परेशान थे। नदी का जलस्तर बढ़ने से 1 जुलाई से लेकर 31 अगस्त तक राफ्टिंग बंद रहती थी। 1 सितंबर से नदी का जलस्तर कम होने के बाद फिर से राफ्टिंग शुरू हो जाती थी, लेकिन कोरोना के कारण इस बार राफ्टिंग शुरू नहीं हुई। गंगा राफ्टिंग रोटेशन समिति के अध्यक्ष दिनेश भट्ट ने बताया कि लंबी जद्दोजहद के बाद शुक्रवार को शासन से राफ्ट संचालन के लिए हरी झंडी तो मिल गई है, लेकिन शासन ने संबंधित जिले के डीएम को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। जिलाधिकारी के आदेश पर ही आगे की गतिविधियां शुरू होंगी।
राफ्टिंग व्यवसायी जीतपाल सिंह, राज सिंह, अनुभव पयाल, हुक्कम रावत, राकेश चमोली, प्रदीप सजवाण ने बताया कि बीते छह महीने से व्यवसाय ठप है। शासन स्तर से हरी झंडी मिलने के बाद अब क्षेत्र में पर्यटक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। पर्यटकों की चहलकदमी से क्षेत्र में रौनक बढ़नी शुरू हो जाएगी।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
