मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि स्वदेशी अब केवल खादी और दीयों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह ब्रह्मोस मिसाइल, तेजस विमान, सेमीकंडक्टर, डिजिटल इंडिया और यूपीआई जैसी अत्याधुनिक तकनीकों तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल एक नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत की नींव है।

मुख्यमंत्री ने ‘हर घर स्वदेशी – घर-घर स्वदेशी’ अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2047 तक आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी का संकल्प हमारे किसानों, कारीगरों, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

आर्थिक नहीं, भावनात्मक जुड़ाव भी है स्वदेशी से

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी का विचार केवल आर्थिक मजबूती तक सीमित नहीं है, यह हमारी मातृभूमि के प्रति प्रेम और समर्पण का भी प्रतीक है। उन्होंने बताया कि कोविड काल में भारत द्वारा स्वदेशी पीपीई किट और वैक्सीन का निर्माण इसका सशक्त उदाहरण है।

जीएसटी में राहत से आमजन को लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 15 अगस्त को की गई घोषणा के अनुरूप 22 सितंबर से लागू नए जीएसटी दरों से आम जनता और व्यापारियों को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं कई स्थानों पर जाकर व्यापारियों और उपभोक्ताओं से संवाद कर इसका फीडबैक लिया है और इस पर व्यापक उत्साह देखा गया है।

स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा

राज्य के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए ‘हाउस फॉर हिमालयाज’ नाम से एक अंब्रेला ब्रांड स्थापित किया गया है। इससे कम संसाधनों में बनी उत्तराखंड की गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं बड़े बाजारों में पहचान बना सकेंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार, लघु उद्योग, स्टार्टअप और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं को स्वदेशी उद्यमिता की ओर प्रोत्साहित किया जाएगा।

त्योहारों पर करें स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग

मुख्यमंत्री धामी ने लोगों से अपील की कि नवरात्रि, दशहरा, दीपावली और विवाह जैसे अवसरों पर दैनिक उपयोग की वस्तुओं में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हमें अपने जीवन में अधिकतम स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना होगा।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *