काशीपुर, 08 सितम्बर 2025।
सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को काशीपुर पहुंचकर प्रबुद्धजनों के साथ भेंट एवं विचार-विमर्श कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि काशीपुर के डॉक्टर्स, इंजीनियर, शिक्षाविद, अधिवक्ता, उद्यमी, व्यापारी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में ज्ञान, सेवा भाव और संकल्प के साथ समाज और प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “विकसित भारत@2047” के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की नीति पर चलकर वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयां छू रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी पहलों से भारत आत्मनिर्भर बन रहा है और आज विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम खड़ा कर चुका है।

उन्होंने कहा कि भारत 7.8% की दर से बढ़ती जीडीपी के साथ दुनिया का सबसे तेज़ ग्रोथ इंजन है। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, ट्रिपल तलाक जैसी कुप्रथा का अंत और नागरिकता संशोधन कानून जैसे ऐतिहासिक कदमों से देश नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में निवेश, औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और सांस्कृतिक विरासत संरक्षण को लेकर सरकार की नीतियों और उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 के जरिए राज्य को 3.56 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले, जिनमें से करीब 1 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं।

सीएम धामी ने बताया कि राज्य में अरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क और स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप जैसे प्रोजेक्ट पर तेजी से कार्य चल रहा है। साथ ही, स्टेट मिलेट मिशन, नई पर्यटन नीति, होम स्टे और वेड इन उत्तराखंड जैसी योजनाएं स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही हैं।

उन्होंने गर्व जताते हुए कहा कि सतत विकास लक्ष्यों के इंडेक्स में उत्तराखंड को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। बेरोजगारी दर में भी रिकॉर्ड 4.4% की कमी आई है। धामी ने कहा कि सरकार ने राज्य में समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस जैसी ऐतिहासिक पहलें लागू की हैं।

उन्होंने प्रबुद्धजनों से अपील की कि वे “स्वदेशी अपनाओ, देश को मजबूत बनाओ” के मंत्र को आत्मसात कर स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें।

इस मौके पर प्रभारी मंत्री गणेश जोशी, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, मेयर दीपक बाली, दर्जा राज्यमंत्री अनिल कपूर डब्बू, प्रदेश मंत्री खिलेन्द्र चौधरी, जिलाध्यक्ष भाजपा मनोज पाल, पूर्व सांसद बलराज पासी, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, वरिष्ठ अधिकारी और भारी संख्या में प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *