रुद्रपुर, 04 सितम्बर 2025 (सू.वि.)।
भारत रत्न एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर शिक्षक दिवस के पूर्व दिवस पर सोमवार को विकास भवन सभागार में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जनपद के उत्कृष्ट कार्य करने वाले 72 शिक्षकों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर किया गया। इस दौरान संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन एक महान दार्शनिक, शिक्षाविद् एवं भारतीय संस्कृति के संवाहक थे। उनका जन्म 5 सितम्बर को हुआ था और तभी से इस दिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभ्य समाज के निर्माण में शिक्षकों का योगदान सबसे अहम है। शिक्षक छात्ररूपी मिट्टी को आकार देकर उसे एक सुंदर कलश का रूप देते हैं। शिक्षक ही युवा शक्ति को सही दिशा और दशा प्रदान करते हैं और शिक्षा के माध्यम से बच्चों को संस्कारित बनाते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों से शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, बच्चों को शिक्षा को बोझ न लगने देने तथा विद्यालयों की कमियों की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत, जिला शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, प्राचार्य डायट अजंता बिष्ट, संजील बुधोरी, प्रधानाचार्य एवं बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
