उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने से मची तबाही के बाद बुधवार दोपहर मौसम खुलने पर बचाव अभियान ने जोर पकड़ा। जिला प्रशासन के अनुसार सेना के दो घायल जवानों को हेलिकॉप्टर से हायर सेंटर भेजा गया है। आपदा में छह लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोग लापता हैं।
तीन दिनों में हर्षिल तक सड़क खोलकर संपर्क बहाल किया जाएगा
धराली और हर्षिल में बचाव कार्यों पर सीमा सड़क संगठन के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल रघु श्रीनिवासन ने कहा कि बादल फटने और उसके बाद हुई भारी बारिश के बाद, यहां से धराली की दूरी लगभग 96 किलोमीटर है, और पूरे रास्ते में चार बड़े भूस्खलन बिंदु हैं और एक पुल नष्ट हो गया है। पिछले दो दिनों से सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कर्मचारी और मशीनरी तैनात हैं। सड़कों को बहाल करने के प्रयास जारी हैं। हमें उम्मीद है कि कुछ ही घंटों में संपर्क बहाल हो जाएगा। हमारे जवान तैयार हैं। जैसे ही सड़क संपर्क बहाल होगा, हमें उम्मीद है कि एक दिन में पुल का निर्माण शुरू हो जाएगा। अगले तीन दिनों में हम हर्षिल तक सड़क खोलकर संपर्क बहाल कर पाएंगे। हर्षिल को धराली से जोड़ने वाली सड़क अभी पानी में डूबी हुई है। हम या तो पुरानी सड़क को बहाल कर सकते हैं या एक नई सड़क बना सकते हैं, इन दोनों विकल्प का हम उपयोग करेंगे।
भटवाड़ी के आखिरी संपर्क मार्ग पर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा भटवाड़ी के आखिरी संपर्क मार्ग पर पहुंचे। उनका कहना है कि राहत के नाम पर सरकार सिर्फ झूठे दावे कर रही है। सेना आईटीबीपी के जवान काम कर रहे हैं।
नेटवर्क बाधित किए जाने के कारण लोगों का अपनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। हम धराली के लिए निकले हैं लेकिन भटवाड़ी से आगे संपर्क मार्ग खत्म है।
चिनूक से रेस्क्यू कर 29 लोगों को लाया गया देहरादून एयरपोर्ट
चिनूक हेलिकॉप्टर द्वारा कुल 29 लोगों को धराली उत्तरकाशी से रेस्क्यू कर देहरादून एयरपोर्ट लाया गया। जहां पर उनका मेडिकल चेकअप किया जा रहा है। वहीं प्रशासन, पुलिस, सेना और एनडीआरएफ की टीम देहरादून एयरपोर्ट पर मौजूद है। इन 29 लोगों के लिए देहरादून एयरपोर्ट पर सेना, एनडीआरएफ और उत्तराखंड सरकार की बसें खड़ी हैं। जिनसे इनको आगे के लिए रवाना किया जाएगा।
पहाड़ काटकर बनाया जा रहा रास्ता
उत्तरकाशी से धराली की तरफ जाने वाले रास्ते पर मनारी से दो किमी आगे सड़क मार्ग नदी में समा गया। तीसरे दिन भी पहाड़ काटकर रास्ता बनाने का काम जारी है।
274 लोगों को गंगोत्री एवं अन्य क्षेत्रों से हर्षिल लाया गया
सचिव आपदा प्रबंधन द्वारा बताया गया है कि 274 लोगों को गंगोत्री एवं अन्य क्षेत्रों से हर्षिल लाया गया है। सभी सुरक्षित हैं। इनमें गुजरात के 131, महाराष्ट के 123, मध्य प्रदेश के 21, यूपी के 12, राजस्थान के छह, दिल्ली के सात, आसाम के पांच, कर्नाटक के पांच, तेलंगाना के तीन और पंजाब के एक व्यक्ति हैं। सभी पूरी तरह से सुरक्षित हैं। इन्हें उत्तरकाशी-देहरादून लाया जा रहा है।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
