टीम इंडिया के पास एक अंक है। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच नहीं खेला था, जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार मिली थी।विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड का रोमांच फैंस का सिर चढ़कर बोल रहा है। शनिवार को इसमें भारत चैंपियंस और ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के बीच लीड्स में मुकाबला खेला गया। युवराज सिंह की टीम 20 ओवर में चार विकेट पर 203 रन बना पाई। शिखर धवन ने 91 रन की पारी खेली। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 19.5 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। उनके लिए कैलम फर्ग्यूसन ने 70 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। उन्हें इसके लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड भी दिया गया।इस हार के साथ भारतीय टीम अंक तालिका में सबसे नीचे छठे स्थान पर है, जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। उसके तीन मैचों में दो जीत और एक बेनतीजा के साथ पांच अंक हैं। भारत ने तीन में से दो मैच गंवाए हैं और एक मैच बेनतीजा रहा है। टीम इंडिया के पास एक अंक है। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच नहीं खेला था, जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार मिली थी। भारत को अब 27 जुलाई को इंग्लैंड से और 29 जुलाई को वेस्टइंडीज से खेलना है।

विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स की अंक तालिका

टीमेंमैचजीतेहारेरद्दअंकNRR
पाकिस्तान चैंपियंस43017+0.900
दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस43106+1.812
ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस32015+3.763
वेस्ट इंडीज चैंपियंस41302-1.760
इंग्लैंड चैंपियंस40311-1.431
इंडिया चैंपियंस30211-2.227

भारत की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी रही। रॉबिन उथप्पा और धवन ने पहले विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी की। उथप्पा 21 गेंद में तीन चौके और तीन छक्कों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। अंबाती रायुडू एक बार फिर खाता नहीं खोल सके। वह द. अफ्रीका के खिलाफ भी खाता नहीं खोल सके थे। सुरेश रैना ने 11 गेंद में 11 रन की पारी खेली। वहीं, कप्तान युवराज सिंह तीन रन बना सके। धवन और यूसुफ पठान ने फिर पांचवें विकेट के लिए 100 रन की नाबाद साझेदारी निभाई। धवन 60 गेंद में 12 चौके और एक छक्के की मदद से 91 रन और यूसुफ 23 गेंद में तीन चौके और चार छक्कों की मदद से 52 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से डैनियल क्रिश्चियन ने दो विकेट लिए, जबकि कप्तान ब्रेट ली और डार्सी शॉर्ट को एक-एक विकेट मिला।

ऑस्ट्रेलिया की पारी
204 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत खराब रही। 65 रन तक टीम ने चार विकेट गंवा दिए थे। शॉन मार्श 11 रन बनाकर आउट हुए। वहीं क्रिस लिन ने 10 गेंद में एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 25 रन और डार्सी शॉर्ट ने 15 गेंदों में तीन चौके की मदद से 20 रन की छोटी मगर ताबड़तोड़ पारी खेली। बेन डंक खाता नहीं खोल सके। इसके बाद क्रिश्चियन ने फर्ग्यूसन के साथ पांचवें विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी निभाई। क्रिश्चियन 28 गेंद में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, बेन कटिंग छह गेंद में 15 रन बनाकर आउट हुए। फिर फर्ग्यूसन ने रॉब क्विनी के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलियाई टीम को जीत दिलाई। फर्ग्यूसन 38 गेंद में पांच चौके और चार छक्कों की मदद से 70 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि क्विनी ने आठ गेंद में 16 रन की नाबाद पारी खेली। भारत की ओर से पीयूष चावला ने तीन विकेट लिए, जबकि हरभजन सिंह को दो विकेट मिले। विनय कुमार ने एक विकेट लिया।

पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को हराया
वहीं, मोहम्मद हफीज की अगुआई वाली पाकिस्तान चैंपियंस की टीम ने जीत की हैट्रिक लगाई। उन्होंने शनिवार को वेस्टइंडीज चैंपियंस को 49 रन से हरा दिया। इससे पहले इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस को भी हरा चुके हैं। पाकिस्तान का अगला मुकाबला 29 जुलाई को ऑस्ट्रेलिया से है। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में चार विकेट पर 200 रन बनाए थे। कामरान अकमल ने 62 गेंद में 13 चौके और पांच छक्कों की मदद से 113 रन पारी खेली। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 151 रन ही बना सकी। रुम्मन रईस ने तीन, जबकि सोहेल तनवीर और आमिर यमीन ने दो-दो विकेट लिए। इस जीत के साथ पाकिस्तान चार मैचों में तीन जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। उसके चार मैचों में तीन जीत और एक बेनतीजा के साथ सात अंक हैं। वहीं, क्रिस गेल की अगुआई वाली वेस्टइंडीज की टीम चौथे स्थान पर है। उसके चार मैचों में दो जीत और दो हार हैं।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *