उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नोएडा में फिल्म सिटी बनाए जाने की घोषणा के चंद दिनों के भीतर उन्होंने इसे लेकर अपना प्लान भी साझा कर दिया है. उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को इसके लिए खुला ऑफर दिया है. उन्होंने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा गौतम बुद्ध नगर में 1000 एकड़ की जमीन चिह्नित कर ली गई है जिस पर इनफोटेनमेंट जोन तैयार किया जाएगा.

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से एक बयान जारी किया गया है जिसके अनुसार, “प्रस्तावित जमीन नई दिल्ली से महज एक घंटे की दूरी पर है और जेवर में प्रस्तावित किए गए इंटरनेशनल हवाई अड्डे से काफी ज्यादा नजदीक है. ये एयरपोर्ट एशिया का सबसे बड़ा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट होगा.”

बयान के मुताबिक ये फिल्म सिटी आगरा, मथुरा और नोएडा में प्रस्तावित लॉजिस्टिक हब से काफी करीब पड़ेगा. यहां के लिए सभी ट्रांसपोर्ट माथ्यम उपलब्ध कराए जाएंगे. YEIDA ने बताया कि उसने जमीन की पहचान करने के बाद रविवार को राज्य सरकार को प्रपोजल भेज दिया था जिसमें एक्सप्रेसवे के पास सेक्टर 21 में जमीन का जिक्र है.

राज्य सरकार ने आज इस जमीन को अप्रूव कर दिया है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आत्मविश्वास जताया है कि ये फिल्म सिटी उनकी उम्मीदों पर खरी उतरेगी. उन्होंने कहा कि अब तक राज्य की फिल्म सिटी की उम्मीद अब तक पूरी नहीं हो पा रही थी लेकिन प्रदेश को जल्द मिलने जा रही ये फिल्म सिटी उनकी उम्मीदें जरूर पूरी करेगी.

उन्होंने मीटिंग में कहा, “भारतीय सिनेमा को अब एक नया मंच मिल रहा है. ये आज के समय की जरूरत है.” बता दें कि हाल ही में मुख्यमंत्री कार्यालय में एक बैठक आमंत्रित की गई थी जिसमें निर्माता-निर्देशक सतीश कौशिक, सिंगर कैलाश खेर, अनूप जलोटा और लेखक मनोज मुंतशिर जैसे दिग्गज शामिल हुए.

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com