काशीपुर। जागृति पब्लिक स्कूल (JPS), काशीपुर के कक्षा आठवीं (2024-25) के प्रतिभाशाली छात्र प्रियांक ने अपने अनूठे नवाचार के दम पर प्रतिष्ठित इंस्पायर अवार्ड मानक 2024-25 में चयनित होकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली छात्रों में नवाचार और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना है।प्रियांक के मॉडल “सौर ऊर्जा से चलने वाली बीज बोने की मशीन” ने बढ़ती वैश्विक आबादी और कृषि क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ाने की दिशा में एक बेहतरीन समाधान प्रस्तुत किया। इस सम्मान के तहत उन्हें ₹10,000 की नकद धनराशि प्रदान की जाएगी।प्रियांक ने अपनी सफलता का श्रेय स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती बीबिता पंत और श्री कौशल किशोर पंत को देते हुए कहा कि विद्यालय के सतत मार्गदर्शन, उचित प्रशिक्षण और हर स्तर पर मिले सहयोग ने उन्हें इस उपलब्धि तक पहुँचाया। प्रियांक ने कहा, “विद्यालय ने हर कदम पर मेरा हौसला बढ़ाया और मेरी प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतरीन अवसर प्रदान किए।” गाइड टीचर मिस सोनम के नेतृत्व में प्रियांक ने अपने मॉडल को विकसित किया।विद्यालय परिवार ने प्रियांक को दिल से बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि प्रियांक अपनी मेहनत, लगन और नवाचार से आने वाले समय में देश और समाज का नाम रोशन करेगा।विद्यालय ने यह भी कहा कि जागृति पब्लिक स्कूल हमेशा से प्रतिभाशाली छात्रों का मार्गदर्शन करता रहा है और आगे भी विद्यार्थियों को उनके सपनों को साकार करने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करता रहेगा। विद्यालय प्रबंधन ने आशा व्यक्त की कि प्रियांक की यह सफलता अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी और सभी विद्यार्थी अपने भीतर छुपी प्रतिभा को पहचानकर उच्च शिखर तक पहुँचेंगे।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com