आज रंगों के त्योहार होली की पूरे देश में धूम है। होली हर्षोल्लास का त्योहार है, जहां हर कोई रंगों, मिठाइयों और खुशी में डूबा है। लोग एक दूसरे को रंग, पिचकारी और गुलाल लगाकर होली के त्योहार को बड़े ही उत्साह के साथ मना रहे हैं। आम लोगों से लेकर जानी-मानी हस्तियों तक सभी विभिन्न प्रकार रंग और गुलाल से रंगे हुए हैं। सियासी गलियारों में भी रंगों का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। पूरे देश में रंगों का त्योहार होली पूरे उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम हस्तियों ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लेकर बंगाल और देश के कोने-कोने तक लोग रंगों में सराबोर नजर आए। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने जमकर रंग खेला। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी खूब होली खेली। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी बहुत खूबसूरत तस्वीर भी साझा की। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं और इस त्योहार को एकता का संदेशवाहक बताया। आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘रंग, उमंग, उत्साह और तरंग के पावन पर्व होली की आप सभी को शुभकामनाएं। होली का पर्व एकता का संदेशवाहक है, जो हमें प्रेम और सौहार्द के साथ सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करता है।’ उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम से कामना है कि यह पर्व आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि व नव उमंग के विविध रंगों से परिपूर्ण करें। गोरखपुर में मौजूद योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ एक मोर को दाना खिलाते हुए अपनी एक तस्वीर भी साझा की। इसके अलावा होली के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, ‘समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को रंगों की उमंग, हर्षोल्लास व आनंद से परिपूर्ण होली महापर्व की मंगलमय शुभकामनाएं। इन्द्रधनुषी रंगों से सजा यह पावन पर्व आपके जीवन में नयी ऊर्जा, असीम आनंद एवं सकारात्मकता का संचार करे तथा चिर-नवीन उल्लास से आपके हर दिन को परिपूर्ण करे।’

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने कहा, ‘देश में रंग व गुलाल आदि का त्योहार, होली की सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें। इसे परम्परागत तौर पर पूरे उमंगों के साथ शांति, आपसी भाईचारा व सौहार्द के साथ मनाएं।’ होली का रंग देश से लेकर विदेश तक छाया रहा। दुनिया भर में लोगों ने रंगों का त्योहार मनाया। महादेव की नगरी काशी यानी वाराणसी में विदेशी पर्यटकों ने जमकर होली खेली। बताया जाता है कि रंगों के त्योहार होली से जुड़ी धार्मिक मान्यता के अनुसार विभिन्न देवताओं को प्रसन्न करने और अपने जीवन में सुख, समृद्धि, सफलता और शांति लाने के लिए विशेष रंग की गुलाल अर्पित करना शुभ माना जाता है। प्रत्येक देवता से जुड़ा एक विशिष्ट रंग होता है, जो उनके प्रभाव और कृपा को बढ़ाने में सहायक होता है। यदि सही देवता को उचित रंग की गुलाल अर्पित की जाए, तो जीवन की कई समस्याओं का समाधान हो सकता है। संभल में 46 साल में पहली बार ऐतिहासिक कार्तिकेय महादेव मंदिर में फूलों और गुलाल के साथ होली मनाई गई। इस अवसर पर सामाजिक और हिंदू संगठनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जबकि शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने होली के त्योहार पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस पर्व में शामिल होने के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ICC क्रिकेट विश्व कप 2023 ट्रॉफी को मेलबर्न में होली के कार्यक्रमों में रखा। इस दौरान क्रिकेट प्रशंसकों ने प्रतिष्ठित ट्रॉफी के साथ सेल्फी और तस्वीरें लीं। बच्चों से लेकर बड़े-बुजुर्ग तक, सभी ने जमकर रंग खेला। हर कोई रंगों में सराबोर नजर आया। बड़े भी बच्चों के साथ बचपना करते नजर आए। सभी लोगों ने एक-दूसरे को होली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं और बधाई दी। होली का पर्व सभी के जीवन में खुशी, उमंग और उत्साह लेकर आए, इसी कामनाके साथ सभी ने एक-दूसरे को रंगों से रंग दिया। मोहनपुर उपखंड (भारत-बांग्लादेश) सीमा के अंतर्गत तारापुर में तैनात BSF जवानों ने होली मनाई। जवानों ने जमकर रंग खेला और डांस किया। इसके अलावा सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने 10 बटालियन मुख्यालय, श्रीनगर में होली मनाई।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com