काशीपुर भाजपा के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि वैश्य समाज ने हमेशा भाजपा का समर्थन किया है और इस बार भी भाजपा के मेयर प्रत्याशी दीपक बाली को समाज का पूरा आशीर्वाद मिलेगा।
उन्होंने कहा कि विपक्षी यह अफवाह फैला रहे हैं कि वैश्य समाज कांग्रेस प्रत्याशी के साथ है, जबकि सच्चाई यह है कि वैश्य समाज एक राष्ट्रभक्त और समाजसेवी समाज है। उन्होंने कहा कि केवल भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो राष्ट्रहित में काम करती है। चाहे धारा 370 को हटाना हो, राम मंदिर का निर्माण हो, उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करना हो, या वक्फ बोर्ड को समाप्त करना—यह सब केवल भाजपा ही कर सकती है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर धारा 370 को वापस लाने की बात करती है। उनके अध्यक्ष आज तक राम मंदिर के दर्शन करने तक नहीं गए। कांग्रेस ने ही वक्फ बोर्ड का गठन किया था। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी से इन मुद्दों पर अपनी राय स्पष्ट करने की मांग की।
आशीष गुप्ता ने कहा कि वैश्य समाज आज भी पूरी तरह भाजपा के साथ खड़ा है और भाजपा के पक्ष में मतदान करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने हमेशा वैश्य समाज को सम्मान दिया है। उत्तराखंड से नरेश बंसल को राज्यसभा सांसद बनाया गया, प्रेम चंद्र अग्रवाल को कैबिनेट मंत्री बनाया गया, और ओम बिरला को लोकसभा अध्यक्ष बनाया गया।
कांग्रेस प्रत्याशी को वैश्य समाज का दामाद कहे जाने पर उन्होंने कहा कि पंजाबी और वैश्य समाज में वैवाहिक संबंध आम हैं। ऐसे में इस तरह की बात करना विपक्षियों की ओछी मानसिकता को दर्शाता है।
प्रेस वार्ता में केके अग्रवाल एडवोकेट, शक्ति प्रकाश अग्रवाल, और ईश्वर चंद्र गुप्ता भी उपस्थित रहे।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
