बीती एक सितंबर को चंद्राचार्य चौक के समीप श्रीबालाजी ज्वेलर्स शोरूम में दिनदहाड़े हथियारों के बल पर करोड़ों की डकैती को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए थे। सितंबर माह में श्रीबालाजी ज्वेलर्स शोरूम में करोड़ों की डकैती को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी सुभाष की पत्नी और ताऊ-चाचा को पुलिस ने साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। कोर्ट से तीनों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद दिल्ली से उन्हें दबोचा गया। हरिद्वार लाने के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है। फरार मुख्य आरोपी सुभाष की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, बीती एक सितंबर को चंद्राचार्य चौक के समीप श्रीबालाजी ज्वेलर्स शोरूम में दिनदहाड़े हथियारों के बल पर करोड़ों की डकैती को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए थे। 15 सितंबर की रात पुलिस ने डकैती में शामिल रहे सतेंद्र पाल उर्फ लक्की निवासी मुक्तसर पंजाब को बहादराबाद क्षेत्र में मुठभेड़ में ढेर कर दिया था। इसके बाद आरोपी गुरदीप सिंह, जयदीप सिंह, अमनदीप कांबोज निवासी पंजाब को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। मुख्य आरोपी कराटे गैंग का सरगना सुभाष उर्फ राहुल निवासी सुल्तानपुरी दिल्ली आज तक हाथ नहीं आ पाया है। मामले की जांच कर रहे इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट ने पड़ताल की तो सामने आया कि डकैती की साजिश में उसकी पत्नी, ताऊ व चाचा भी शामिल हैं। इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट ने बताया कि आरोपी सुभाष की पत्नी शिवानी निवासी रेलवे कॉलोनी शकूर बस्ती थाना रानी बाग दिल्ली, ताऊ विक्रम कुमार और चाचा प्रवीण निवासीगण थाना सुल्तानपुरी दिल्ली के कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी किए गए। इसके बाद एसआई रविंद्र जोशी, कांस्टेबल संदीप कुमार, जयमाला व सीआईयू के मुख्य आरक्षी विवेक यादव, आरक्षी नरेंद्र को आरोपियों की तलाश में दिल्ली भेजा गया। सोमवार को तीनों को दिल्ली सुल्तानपुरी से गिरफ्तार कर लिया गया। यहां तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

सुभाष पुलिस के लिए बना है चुनौती
डकैती का ताना-बाना बुनने और करोड़ों का माल लेकर फरार होने वाला कराटे गैंग का सरगना सुभाष उर्फ राहुल बेहद शातिर है। सभी आरोपी हत्थे चढ़ गए। अब उसकी पत्नी रिश्तेदार भी जेल चले गए, मगर सुभाष पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com