उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों के मामले में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता और संस्था ‘यूनाइटेड अगेंस्ट हेट’ के सह-संस्थापक उमर ख़ालिद को रविवार रात दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ़्तार कर लिया.
ख़ालिद के पिता सैय्यद क़ासिम रसूल इलियास ने बताया कि “स्पेशल सेल ने उनके बेटे को रात 11 बजे गिरफ़्तार किया. पुलिस ख़ालिद से दोपहर 1 बजे से पूछताछ कर रही थी. 11 घंटे चली पूछताछ के बाद पुलिस ने ख़ालिद को दंगों के मामले में ‘साज़िशकर्ता’ के तौर पर गिरफ़्तार कर लिया.”
33 वर्षीय उमर ख़ालिद के पिता का मानना है कि ‘उनके बेटे को इस केस में फँसाया जा रहा है.’
संस्था ‘यूनाइटेड अगेंस्ट हेट’ के अनुसार, उमर ख़ालिद को मामले की मूल एफ़आईआर 59 में यूएपीए यानी ग़ैर-क़ानूनी गतिविधियाँ रोकथाम अधिनियम की धाराओं के तहत गिरफ़्तार किया गया है.
संस्था ने कहा है कि दिल्ली पुलिस सीएए के ख़िलाफ़ हुए प्रदर्शनों का अपराधीकरण करने की कोशिश कर रही है, लेकिन सीएए और यूएपीए जैसे क्रूर क़ानूनों के ख़िलाफ़ लड़ाई जारी रहेगी. साथ ही संस्था ने माँग की है कि दिल्ली पुलिस हर तरह से उमर ख़ालिद की सुरक्षा सुनिश्चित करे.

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
