उत्तर प्रदेश के सीतापुर से एक हत्या का मामला सामने आया है. जहां पर एक मंदिर में तंत्र- मंत्र करने गए तांत्रिक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई. बदमाशों ने कोतवाली से चंद मीटर की दूरी पर ही हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया. मौके पर पहुंची पुलिस को खून से सना चाकू बरामद हुआ है. हत्या के पीछे कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है.
तंत्र विद्या का काम करने वाले रिटायर्ड शिक्षक कमलेश मिश्र को बीती रात अज्ञात हमलावरों ने मौत के घाट उतार दिया. हत्यारों ने पहले तांत्रिक को चाकुओ से गोदा और फिर गोली मार कर फरार हो गए. हत्या की यह वारदात महोली कोतवाली से महज 200 मीटर की दूरी पर बने कछुवा मंदिर के पास हुई. बताया जा रहा है कि कमलेश मिश्र हर रात तंत्र विद्या के लिए अपने घर से इसी मंदिर में पूजा करने आते थे और देर रात या भोर के समय घर वापस जाते थे.
शिक्षक की धारदार हथियार से हत्या
बीती रात भी तांत्रिक कमलेश मिश्र जब घर नहीं पहुंचे तो परिजन मंदिर की तरफ आए. वहां देखा कि कमलेश की लाश खून से लथपथ पड़ी थी. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. थाने से कुछ मीटर की दूरी पर हुई हत्या से हर कोई हैरान है और पुलिस पर सवाल खड़े हो रहे हैं. वहीं पुलिस मामले में जल्द खुलासा कर हत्यारों की गिरफ्तारी की बात कह रही है.
पुलिस हत्यारे की तलाश में जुटी
पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है लेकिन पहली नजर में यह मामला तंत्र मंत्र करने या उसे सीखने के प्रयास में हुई हत्या लग रहा है. बताया जा रहा है कि कमलेश मिश्रा से कुछ लोग तंत्र विद्या भी सीखते थे.

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
